झज्जर। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए जिले में ईवीएम के माध्यम से डाले गए मतों की गिनती राजकीय नेहरू कॉलेज में विधानसभावार मतगणना केंद्रों में 23 मई को होगी। जबकि पोस्टल बैलेट की गिनती रोहतक में बनाए गए मतगणना केंद्र पर होगी। जिले में मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून ने देते हुए बताया कि मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को ड्राई रन भी किया गया। संजय जून ने बताया कि जिले के बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 टेबल, बादली के लिए 14, झज्जर (अजा) व बेरी विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती के लिए 10-10 टेबल लगाई जाएंगी। बहादुरगढ़ विधानसभा के 22 राउंड, बादली के लिए 15 राउंड, झज्जर व बेरी के लिए 19-19 राउंड में मतगणना होगी। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए टेबलवार किए गए इंतजामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट व एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेगा। मतगणना कार्य 23 मई की सुबह आठ बजे आरंभ होगा। ऐसे में मतगणना से संबंधित सभी कर्मी केंद्र पर सुबह छह बजे रिपोर्ट करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना के दृष्टिगत राजकीय नेहरू कॉलेज परिसर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। मतगणना केंद्र में बिना अधिकृत पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मतगणना के दौरान उम्मीदवारों की ओर से नियुक्त एजेंट को भी पूरी प्रक्रिया का पालन करने के उपरांत ही पहचान पत्र जारी किए गए है।
घर बैठे मिलेगी अपडेट
उन्होंने बताया कि इस बार मतगणना की राउंडवार जानकारी सबसे पहले भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्प लाइन एप व वेबपोर्टल रिजल्ट्स डॉट इसीआई डॉट जीओवी डॉट इन पर उपलब्ध होगी। ऐसे में मतगणना केंद्र की बजाये घर बैठे स्मार्ट फोन या डेस्कटॉप के जरिए मतगणना का लेटस्ट अपडेट मिल सकेगा। वहीं राजकीय नेहरू कॉलेज में भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मंगलवार को ड्राई रन आयोजित किया गया। इस दौरान बादली विधानसभा के एआरओ एवं एडीसी सुशील सारवान, बेरी विधानसभा के एआरओ व एसडीएम डा. राहुल नरवाल, बहादुरगढ़ विधानसभा के एआरओ व एसडीएम तरुण पावरिया, झज्जर विधानसभा की एआरओ व एसडीएम शिखा, सीटीएम अश्वनी कुमार, तहसीलदार मुखत्यार सिंह, नायब तहसीलदार बेरी रमेश कुमार, डीआईओ अमित कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।