चरखी दादरी। एनएच-152डी में अधिग्रहीत जमीन का पर्याप्त मुआवजा दिए जाने की मांग के लिए 49 दिनों से गांव रामनगर मेेें धरने पर बैठे किसान अब प्रशासन के खिलाफ नई रणनीति बनाने मेें जुट गए हैं। किसानों ने साफ कहा कि दो करोड़ प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा राशि मिलनी चाहिए।
किसान सेवा संघ जिला संयोजक विनोद मौड़ी ने कहा कि किसानों का धरना 49 दिनों से जारी है। अब पिछले एक सप्ताह से प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने से किसानों में रोष बढ़ने लगा है। विनोद मौड़ी ने बताया कि इसे लेकर आंदोलन कमेटी की बैठक हुई, जिसमें अगली रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फिर आंदोलन कमेटी बैठक बुलाई गई है जिसमें आंदोलन को नया रूप देने के लिए अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विनोद मौड़ी ने कहा कि किसान शांतिपूर्वक धरना पर बैठे हैं लेकिन प्रशासन व सरकार को इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। अब किसान प्रशासन को भी चैन से नहीं टिकने देंगे। इसके लिए किसान रणनीति बनाने में जुटे हैं। विनोद मौड़ी ने कहा कि मुआवजा के लिए प्रति एकड़ किसान को दो करोड़ रुपया मिलना चाहिए। इस मार्ग के दोनों ओर खेतों को जाने के लिए रास्तों की भी व्यवस्था होनी चाहिए।