स्पेशल स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बाइक सवार युवक को पिस्तौल सहित दबोचा है। उसके पास से 12 बोर की पिस्तौल बरामद हुई है। आरोपी की पहचान घिकाड़ा निवासी सोमबीर उर्फ धोलिया के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया और सोमवार सुबह उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस ने जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि स्पेशल सेल प्रभारी हितेंद्र दांगी को रविवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि अपाचे बाइक पर सवार होकर एक युवक दादरी की तरफ आ रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी है। इसके तुरंत बाद हितेंद्र दांगी ने मुख्य सिपाही राजकपूर के नेतृत्व में एक टीम गठित की और घिकाड़ा रोड पर दबिश देने के लिए भेजा। पुलिस टीम को एक पीले रंग की अपाचे बाइक आती नजर आई। वहीं, बाइक चालक ने पुलिस टीम को देखकर मौके से भागने का प्रयास किया लेकिन कुछ दूरी पर ही पुलिसकर्मियों ने उसे काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोमबीर उर्फ धोलिया वासी घिकाड़ा बताया।