अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव गोविंदपुरा स्थित द्रोणाचार्य स्कूल बस दुर्घटना में हुई दो छात्राओं की मौत के दूसरे दिन मंगलवार को हादसे की जांच के लिए विभाग की टीम स्कूल में पहुंची। बाद में टीम सदस्य मृतक छात्रा के परिजनों को सांत्वना देने गए। इस बारे में शिक्षा विभाग जल्द ही स्कूल प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस भेजेगा।
बाढड़ा बीईओ श्रीकिशन शर्मा ने बताया कि डीईओ आफिॅस से टीम गठित कर जांच के लिए भेजी गई जिसमें बीईओ बाढड़ा श्रीकिशन शर्मा, बीईओ झोझूकलां ब्लॉक दयानंद प्रमुख से शामिल किए गए। बीईओ श्रीकिशन ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो मेन गेट पर ताला लगा मिला। स्कूल के दूसरे दरवाजे से अंदर गए तो वहां स्कूल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मिला। बाद में जब स्कूल संचालक से फोन पर संपर्क किया गया तो उनसे बात नहीं हो सकी। तत्पश्चात विभाग अधिकारी छात्रा के परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। मृतक छात्रा के परिजनों ने अधिकारियों के समक्ष आरोप लगाया कि स्कूल बस चालक के बारे में वे स्कूल प्रबंधकों को पहले भी शिकायत कर चुके थे। राजकीय अवकाश के दिन स्कूल लगाने की बात पर बीईओ श्रीकिशन शर्मा ने बताया कि विभाग की तरफ स्कूल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ बाढड़ा रामअवतार ने बताया कि बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जल्द ही घटना के संबंध में स्कूल प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के जरिए राजकीय अवकाश के दिन बिना विभाग की अनुमति के स्कूल लगाने पर जवाब मांगा जाएगा। भविष्य में जिले में जो भी प्राइवेट स्कूल राजकीय अवकाश के दिन खुला मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसकी सूचना मिलते ही स्कूल का निरीक्षण किया जाएगा।
सुनीता पंवार, डीईईओ, चरखी दादरी