अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जहांआरा बाग स्टेडियम में आयोजित महादंगल में रंगीन लाइटों के बीच देर रात तक कुश्ती प्रेमियों ने दंगल का आनंद लिया। मुख्य मुकाबले में पहलवान मौसम खत्री ने जार्जिया के पहलवान लिवान बेरिनिडिज को पटकनी देकर दंगल अपने नाम कर लिया। उनके पटकनी देते ही कुश्ती प्रेमियों ने तालियां बजाकर मौसम का स्वागत किया। वहीं दो लाख की इनामी कुश्तियों में हरियाणा के जोगेंद्र औचंदी ने महाराष्ट्र के विकास जाधव तथा लिवान आराबुल्ली को भोला कासनी ने मात दी। वहीं लड़कियों के दंगल में रितु दलाल व सुदेश कुमारी के बीच मुकाबला टाई का रहा। जिप के वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी ने बताया कि जीतने वाले पहलवान को इनाम का 75 प्रतिशत तथा हारने वाले को 25 प्रतिशत इनाम दिया गया है। दंगल का उद्देश्य केवल मात्र खेलों को बढ़ावा देना रहा।
छह घंटे खड़े रहकर देखा दंगल
कुश्ती के प्रति क्षेत्र के लोगों की दीवानगी का नजारा रविवार को जहांआरा बाग स्टेडियम में देखने को मिला। लोगों ने छह घंटे तक खड़े रहकर ही कुश्ती का आनंद लिया। कुश्ती प्रेमियों के लिए आयोजनकर्ता योगेश सिलानी ने दो बड़ी स्क्रीन लगवाई थी, वहीं दंगल भी स्टेज पर मिट्टी डलवाकर देशी स्टाइल में चित व पट का करवाया।
मनु भाकर रही आकर्षण का केंद्र
गोल्डन गर्ल के नाम से ख्याति पा चुकी शूटर मनु भाकर दंगल के दौरान मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। मनु भाकर को आयोजकों ने सम्मानित किया। इसी दौरान मनु भाकर के साथ दंगल के संयोजक योगेश सिलानी ने दर्शकों का अभिवादन करने के लिए ग्राउंड का चक्कर लगाया। इस दौरान हर कदम पर बुजुर्गों ने मनु भाकर को आशीर्वाद दिया।
क्षेत्र में निराला दंगल : धनखड़
दंगल के दौरान बतौर मुख्यातिथि पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू व कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने मंच से कहा कि क्षेत्र में योगेश सिलानी की टीम के द्वारा निराले दंगल का आयोजन करवाया है। यहां के जवान सीमा पर, किसान खलिहान में व खिलाड़ी पदकों से प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी कुश्तियों के विजेता खिलाड़ियों को उनकी ओर से 15 किलोग्राम देशी घी दिया जाएगा। वहीं दंगल के लिए पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की भी घोषणा की।