बादली। पाइप चोरी के मामले में बादली पुलिस ने एक कबाड़ वाले को गिरफ्तार किया है। इसके पास कुछ पाइप भी पाए गए हैं। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि में पुलिस आरोपी से ट्रक चालक व हेल्पर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास करेगी।
बीते 17 दिसंबर को फरीदाबाद स्थित एक पाइप कंपनी से माल लोडकर ट्रक रोहतक के लिए चला था। शाम तक ट्रक रोहतक नहीं पहुंचा तो कंपनी के अधिकारियों को चिंता हुई। इसके बाद अगले दिन 18 दिसंबर को अधिकारियों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। अधिकारियों को बादली में बाईपास पर ट्रक खड़ा मिला। जांच करने पर पाइप ट्रक से गायब थे। चालक सूरज व हेल्पर का भी कुछ अता पता नहीं था। इस संबंध में कंपनी के मैनेजर संजीव की शिकायत पर बादली थाने में दोनों के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज हुआ। इस संबंध में कार्रवाई करते हुए बादली पुलिस ने अब गुरुग्राम में कबाड़ का काम करने वाले रणबीर को काबू किया है। उसके पास से चोरीशुदा कुछ पाइप भी बरामद हुए है। बादली थाना प्रभारी अशोक दहिया का कहना है कि फिलहाल आरोपी रणबीर को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में इससे सूरज व हेल्पर के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास रहेगा। जल्द ही उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।