बाढड़ा। गांव माईकलां व माईखुर्द गांवों के पहाड़ों का ठेका खनन विभाग ने टर्मिनेट कर दिया है। माइनिंग विभाग ने इन पहाड़ों को अपने कब्जे में ले लिया है अब विभाग की ओर से नई ऑक्शन करवाई जाएगी। खनन विभाग जिला अधिकारी एसएस ठाकरान ने बताया कि उक्त माइनिंग कंपनी पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये की राशि बकाया है। कंपनी को नोटिस देने के बाद भी इस राशि का भुगतान नहीं किया गया। गांव माईकलां व माईखुर्द गांवों के पहाड़ों पर कंपनी ने करीब तीन वर्ष पहले खनन का कार्य शुरू किया था लेकिन कंपनी द्वारा समय पर सरकार की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। अब यह बकाया राशि करीब 4.50 करोड़ तक पहुंच गई। पिछले दिनों गांव माईकलां व माईखुर्द के ग्रामीण पहाड़ को जाने वाले रास्ते को बंद कर अपना रोष जता चुके थे लेकिन बाद में यह रास्ता खुलवा दिया गया था। खनन विभाग के ड्यूज ज्यादा बढ़ने और कंपनी द्वारा खनन विभाग व अन्य विभागों की बकाया राशि का भुगतान न करने पर माइनिंग अधिकारियों ने गत सोमवार को टीम के साथ पहुंच कर माइनिंग कंपनी का खनन कार्य बंद करवा दिया। खनन विभाग ने पहाड़ को अपने कब्जे में ले लिया है। पहाड़ का ठेका टर्मिनेट कर दिया है। खनन कार्य बंद करवा दिया है।
::
खनन कंपनी की तरफ करीब 4.50 करोड़ रुपये ड्यूज के रूप में बकाया है। कंपनी को नोटिस भेजने के बाद भी यह बकाया राशि जमा नहीं करवाई। अब पहाड़ का ठेका टर्निमेट कर दिया गया है।
आरएस ठाकरान, जिला खनन अधिकारी