अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
झज्जर जिले के पहले महिला भारत केसरी दंगल को जीतने वाली रितु अपने पति श्रीभगवान के साथ अभ्यास करती है। पति के साथ और सहयोग से रितु बीते दो वर्षों में एशियन चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीत चुकीं हैं। अब एक बार फिर रितु ने क्षेत्र का मान बढ़ाया है। रितु ने कामयाबी का श्रेय पति एवं परिजनों को दिया है।
24 वर्षीय रितु ने करीब 8 साल पहले कुश्ती का अभ्यास शुरू किया। कुछ ही समय के अभ्यास में रितु की कामयाबी का सिलसिला शुरू हो गया। दो वर्ष पहले रितु का विवाह मांडोठी निवासी श्रीभगवान के साथ हुआ। शादी हुई तो रितु को पति के रूप में एक पहलवानी साथी मिल गया। श्रीभगवान भी नेशनल मेडलिस्ट है। शादी उपरांत रितु ने पति के साथ ही अभ्यास शुरू कर दिया। इससे उसके प्रदर्शन में और निखार आया। नवंबर-2017 में रितु ने इंदौर में हुई नेशनल सीनियर चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल हासिल किया। एशियन चैंपियनशिप में भी रितु मेडल जीत चुकी है। अब तक वह 20 नेशनल, 5 इंटरनेशनल सहित स्टेट लेवल पर काफी मेडल हासिल कर चुकी है। पहलवानी के साथ-साथ रितु रेलवे में टीटीई के पद पर सेवाएं दे रही है।
पति और परिजनों को दिया जीत का श्रेय
अमर उजाला से बातचीत में भारत केसरी रितु ने अपनी कामयाबी का श्रेय पति व परिजनों को दिया। रितु ने कहा कि उसके पति और अन्य परिजन उसका हमेशा साथ देते हैं। पति की वजह से ही वह लगातार सफलता अर्जित कर पा रही है। भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज करना उसका लक्ष्य रहेगा। फिलहाल वह एशियन गेम्स के ट्रायल की तैयारी कर रही है। उधर, पत्नी की जीत पर पति श्रीभगवान भी गदगद नजर आए।
-
---फोटो 13 : अपने पति व परिजनों के साथ रितु दलाल।