कृषिमंत्री ने योजनाओं का किया बखान तो किसान ने दिखाई चने की बर्बाद फसल
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने दादरी में एक शिलान्यास कार्यक्रम के मंच से किसान हितैषी योजनाओं का बखान किया तो कुछ देर बाद ही एक किसान पानी कमी से बर्बाद हुई चने की फसल लेकर उनके सामने पहुंच गया। बिहार के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के भी मंच पर बैठे होने से प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और मंच से पहले बनी सुरक्षा घेरे में तैनात पुलिस कर्मियों ने दूूधवा निवासी किसान इंद्र सिंह से चने की फसल छीनने और उसे मंच पर जाने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान कृषिमंत्री का इशारा पाकर सुरक्षा कर्मियों ने उसे छोड़ दिया और मंच पर जाने दिया। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने इससे पहले किसान इंद्र सिंह से चने की फसल छीन ली।
कृषिमंत्री ओपी धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि वित्तमंत्री ने किसान की फसल बर्बाद होने पर लागत का 50 फीसदी मुनाफा देने को हरी झंडी दे दी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पिछले तीन साल से सरकार लगातार गन्ने के दाम बढ़ा रही है। उन्होंने कुछ अन्य किसान हितैषी योजनाओं का जिक्र करते हुए अपना संबोधन खत्म किया और राज्यपाल सत्यपाल सिंह के बगल में रखी कुर्सी पर बैठ गए। इसी दौरान मंच के सामने पंडाल में बैठा किसान खराब हुई चने की फसल लहराता हुआ आगे बढ़ा। ज्यों ही उसने मंच पर जाने का प्रयास किया तो सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और पंडाल से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान कृषिमंत्री ने सुरक्षा कर्मियों की तरफ किसान को छोड़ने और मंच पर आने देने का इशारा किया। किसान इंद्र सिंह को कृषिमंत्री ने मंच पर अपने बगल वाली कुर्सी पर बैठा लिया। इस दौरान किसान ने अपनी समस्या संबंधी शिकायत भी कृषि मंत्री को सौंपी। उन्होंने किसान को न केवल समस्या के समाधान का आश्वसन दिया बल्कि सम्मान में पहनाई गई पगड़ी भी किसान के सिर पर रख दी। किसान इंद्र सिंह ने बताया कि उसे कृषिमंत्री ने बर्बाद फसल का उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। पानी की कमी के चलते उसकी 50 फीसदी से अधिक फसल खराब हो गई।
---
देवीलाल को कॉपी-पेस्ट न करें अभय, नए मुद्दे ढूंढे : धनखड़
कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला पर भी जलयुद्घ रैली को लेकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि एक समय था जब चौधरी देवीलाल ने मंगल सैन के साथ मिलकर पानी लड़ाई लड़ी थी। अब अभय उन्हें कॉपी-पेस्ट न करें और नए मुद्दें ढूंढे। उन्होंने कहा कि उस समय चलाए गए आंदोलन में सबका योगदान था। एसवाईएल मुद्दे पर बेवजह किसी राजनैतिक पार्टी को क्रेडिट लेने की जरूरत नहीं है।
---
ऐसे राज्य का राज्यपाल जहां के दो सीएम जेल में : सत्यपाल मलिक
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि आज राजनीति के मायने बदल गए हैं और वो ऐसे राज्य के राज्यपाल हैं, जहां के दो सीएम जेल में है। उन्होंने बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव पर भी चुटकी ली। वहीं नितिन गडकरी के बिहार में शराबबंदी के फैसले की तारीफ भी की।