अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गांव पाटोदा में राव तुलाराम की प्रतिमा तोड़ने के मामले में गांव में हुई ग्रामीणों की पंचायत में भी कोई हल नहीं निकल पाया। जिला प्रशासन की तरफ से तहसीलदार मनमोहन सिंह व पुलिस की तरफ से झज्जर थाना प्रभारी सुमित कुमार व कुलाना चौकी इंचार्ज भी उपस्थित थे। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
यादव समाज की पंचायत बीर सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। पूर्व सरपंच अनिल यादव, रामोतार यादव, ताराचंद यादव, विजय यादव व गांव के वर्तमान कार्यवाहक सरपंच रणवीर सहित सभी समुदायों के लोगों ने शिरकत की। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस पंचायत में सभी वक्ताओं ने कहा कि प्रतिमा को खंडित करने वाले गांव के ही कुछ असामाजिक तत्व हैं, इसलिए उनकी पहचान जल्द ही की जानी चाहिए। पंचायत में मौजूद ठाकुर समाज के लोगों ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की और कहा कि जिसने भी यह घटिया काम किया है वे किसी जाति व धर्म के नहीं हो सकते। वे केवल अपराधी हैं और उन्हें सजा हर हाल में मिलनी चाहिए।
पंचायत में कहा गया कि अब पद्मावत फ़िल्म के मामले में पाटोदा में करीब 11 लाख की लागत से बनी राव तुलाराम की प्रतिमा को खंडित किया गया है। पंचायत ने फैसला लिया कि अगर जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो यादव समाज के लोग सड़कों पर उतर आएंगे।
आठ जगह से प्रतिमा को किया खंडित : ग्रामीण
ग्रामीणों ने कहा कि प्रतिमा को 8 जगहों से किया खंडित किया गया है। घोड़े की तलवार, घोड़े की पूंछ, घोड़े की लगाम, घोड़े के कान, राव तुलाराम के जूते, घोड़े के पांवों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। प्रतिमा को खंडित करने वालों को दो दिन में पुलिस प्रशासन पकड़कर सामने लाए, अन्यथा यादव समाज अपने तरीके से उन आरोपियों को पकड़ेगा और सजा देगा। यादव समाज के लोगों ने कहा कि रात को बस जलाने की कोशिश करने वालों ने ही ये घिनोनी हरकत की है। पंचायत में ये भी कहा गया कि जिसने ये हरकत की है वो सामने आकर पंचायत में माफी मांगे तो शायद बातचीत से मामला सुलझाया जा सकता है। यादव महासभा के जिला प्रधान धर्मपाल ने कहा कि प्रतिमा करीब 11 लाख रुपये की लागत से लगाई गई थी अब पूरी तरह खंडित हो चुकी है। अब दोबारा से ही प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
पंचायत में विशेष रूप से पहुंचे यादव समाज के जिलाध्यक्ष राव धर्मपाल यादव ने पंचायत में ही यादव समाज के लोगों से इस मामले में शांति बनाए रखने की अपील की। उनका कहना था कि समाज कानून में अपना विश्वास रखता है और उम्मीद है आरोपी जल्द ही समाज के सामने और पुलिस की गिरफ्त में होंगे। एसडीएम व तहसीलदार के अलावा झज्जर थाना प्रभारी व कुलाना पुलिस चौकी इंचार्ज ने यादव समाज के लोगों को आश्वासन दिया कि घटना में शामिल रहे आरोपियों को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा।
प्रतिमा तोड़ने को लेकर पाटोदा में हुई पंचायत
-तहसीलदार और पुलिस प्रशासन भी पहुंचा मौके पर
-आरोपियों को जल्द ढूंढ निकालने व कार्रवाई करने का दिया आश्वासन