भर्ती के लिए युवाओं का दमखम जांचा
चरखी दादरी।
आर्यन कोचिंग सेंटर द्वारा संचालित खेल एकेडमी के तत्वावधान में सोमवार को कस्बा झोझू कलां स्थित खेल स्टेडियम में युवाओं के लिए सेना भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शारीरिक माप, ऊंची व लंबी कूद व दौड़ सहित अन्य गतिविधियों बारे युवाओं को टिप्स दिए गए। कार्यक्रम में झोझू कलां व आसपास के गांवों के 767 युवाओं ने हिस्सा लिया। संस्था संचालक रविंद्र सांगवान ने बताया कि प्रक्रिया का शुभारंभ सेना भर्ती की भांति ही किया गया। सबसे पहले शारीरिक माप तोल की प्रक्रिया पूरी की गई जिसमें 253 युवा ही चयनित हो सके।
उन्होंने बताय कि अगले चरण में युवाओं के बीच 1600 मीटर की दौड़ करवाई गई और इसका निर्धारित समय पांच मिनट रहा। उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं में से 87 ने ही इस राउंड को पास किया। रविंद्र ने बताया कि इन सभी युवाओं के लिए एक लिखित परीक्षा का आयोजन 17 सितंबर को गांव भैरवी स्थित आर्यन कोचिंग स्पोर्ट्स डिफेंस एकेडमी में किया जाएगा और इसका पैटर्न भी राजकीय भर्ती के अनुसार होगा। इस दौरान समस्त प्रक्रिया के सफल आयोजन में कोच कपूर सिंह, जयबीर कोच शीशवाला व शक्ति सिंह का मार्गदर्शन रहा। इस अवसर पर सह संचालक श्रीभगवान मिसरी, विकास शीशवाला, सोनू, प्रदीप, राहुल, रमेश आदि उपस्थित थे।