आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में चल रही एक फ्लोर मिल से सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 150 बोरी गेहूं की बरामद हुई है। पुलिस ने गेहूं की बोरियों से लदे दो वाहनों को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दी है।
एमआईई पुलिस चौकी प्रभारी कर्ण सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि दो वाहनों में सरकारी गेहूं भरकर यहां की मास्कोट आटा मिल में ले जाया गया है। जिस पर उन्होंने तुरंत मिल में दबिश दी। मामला खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में भी लाया गया, वे भी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने बताया कि जो गेहूं फ्लोर मिल से बरामद हुआ है वह सारा गेहूं सिवाड़ी वेयर हाउस से सोहना डिविजन में वितरण करने के लिए सरकारी डिपो पर जाना था। लेकिन बोरियों को अवैध रूप से यहां लाया गया।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने ड्राइवर से पूछताछ की तो उनके पास सिवाड़ी का गेट पास भी मिला। लेकिन यहां कैसे लेकर आए इसको लेकर वह कोई जवाब नहीं दे पाया और न ही कोई अन्य दस्तावेज दिखा पाया। पुलिस ने इस मामले में जहां से गेहूं की सप्लाई जारी की गई थी वहां से भी इस बारे में पूरी जानकारी जुटाई है। उन्होंने बताया कि अभी तक जांच में सामने आया है कि यहां अवैध तरीके से गेहूं लाया गया है।
किसी मिलीभगत से यहां पहुंचा गेहूं
फ्लोर मिल तक सरकारी गेहूं कैसे और किसकी मिलीभगत से पहुंचा है इसको लेकर पुलिस ने कई पहलुओं को लेकर जांच शुरू कर दी। गेहूं की बोरियों से भरे कैंटर व ट्रॉली को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। बुधवार की रात से लेकर बृहस्पतिवार की देर शाम तक थाना शहर व एमआईई चौकी पुलिस अधिकारी यहां मौजूद रहे। जिस फ्लोर मिल से गेहूं की बोरियां बरामद हुई है वहां दिनभर कोई चहल-पहल नहीं दिखी। बृहस्पतिवार को यहां काम भी होती नहीं दिखा और न ही मिल मालिक यहां नजर आया।
पुलिस खंगाल रही रिकार्ड
बहादुरगढ़ में पहले भी इस तरह से सरकारी गेहूं फ्लोर पर तो नहीं पहुंचा है इसको लेकर पुलिस कई पहलुओं को ध्यान रखते हुए रिकार्ड खंगाल रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल तीन लोगों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें जुटी हुई है।
रणधीर सिंह, सिटी एसएचओ बहादुरगढ़।