झज्जर। राजकीय स्कूलों में कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने सुपर-100 कार्यक्रम चलाया है। सुपर-100 के नए बैच के लिए 28 जनवरी तक आवेदन प्रक्रिया चलेगी जबकि लेवल एक की परीक्षा पांच फरवरी को होगी।
जिले में अब तक 14,305 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। सुपर-100 के तहत राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय के जारी शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 लेवल-एक की परीक्षा 5 फरवरी को होगी।
इसके बाद 20 फरवरी को परिणाम घोषित किए जाएगें। वहीं लेवल-दो की परीक्षा 5 अप्रैल को होगी। इसका परिणाम 30 अप्रैल को जारी होगा। पांच मई से बैच शुरू होने की संभावना है। 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले होनहार विद्यार्थी जो इंजीनियरिंग व मेडिकल की पढ़ाई करना चाहते हैं उनके लिए प्रदेश सरकार की सुपर-100 योजना है।
आवेदन प्रक्रिया फिलहाल जारी है। सबसे ज्यादा बहादुरगढ़ ब्लॉक से 666 विद्यार्थियों ने आवेदन किए हैं। इसके अलावा झज्जर ब्लॉक से 261, मातनहेल ब्लॉक से 213, बेरी ब्लॉक से 190 और साल्हावास ब्लॉक से 100 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया है।
मिशन बुनियाद परीक्षा में 1,560 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
खंड स्तर पर बुनियाद परीक्षा का आयोजन शिक्षा विभाग के तत्वाधान में किया गया जिसमें जिले भर से 2,107 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया था। जिले में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिला विज्ञान विशेषज्ञ जसबीर दलाल ने बताया कि जिले के उपरोक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर 1,560 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जिसमें 547 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी रितेंदर सिंह और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक के नेतृत्व में परीक्षा के आयोजन के लिए पर्यवेक्षक टीम का गठन किया था।
वर्जन
सुपर-100 परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थी 28 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। जिले में अब तक 1,425 आवेदन आ चुके हैं। सुपर-100 के तहत राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जेईई व नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है।
जसबीर दलाल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ।