पेयजल कनेक्शनों की घर-घर की जाएगी जांच : वशिष्ठ
झज्जर। जन स्वास्थ्य विभाग अब ग्रामीण क्षेत्र के पेयजल कनेक्शनों की जांच घर-घर जाकर करेगा। इसमें स्टाफ व सक्षम युवाओं का सहयोग लिया जाएगा। यह बात जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग डिवीजन नंबर-2 के कार्यकारी अभियंता आरपी वशिष्ठ ने झज्जर सर्कल ऑफिस में सक्षम युवाओं व अन्य विभागीय कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि विभाग अब ग्रामीण क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाकर पुष्टि करेगा। इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए कार्यकारी अभियंता ने कहा कि ग्रामीणों के पेयजल कनेक्शन की वैधता के साथ-साथ पेयजल कनेक्शन पर टूटी या गेट वॉल्व का लगा होना सुनिश्चित करेगा। जिसकी फोटो विभाग की वेबसाइट पर सर्वे करने वाले सक्षम युवा द्वारा अपलोड की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान करते हुए कहा कि इसमें आम जन का सहयोग जरूरी है ताकि पेयजल की सही स्थिति व मात्रा को सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता संजीव दुहन ने उपस्थित कर्मचारियों व सक्षम युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह सर्वे जहां ग्रामीण क्षेत्र के पेयजल उपभोक्ताओं की सही संख्या का आंकड़ा देगा वहीं विभाग की पेयजल आपूर्ति के प्रति जवाबदेही व विभाग के प्रति आम जन के बीच भरोसा उत्पन्न करेगा। उन्होंने सक्षम युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना को धरातल तक पहुंचाने में आप लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर जल स्वच्छता सहयोग संगठन के जिला समन्वयक श्याम अहलावत ने बताया कि इस सर्वे के लिए फिलहाल 76 सक्षम युवाओं की सेवाएं ली जा रही हैं। जिनकी देखरेख ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर करेंगे। इस सर्वे के लिए गांव चिह्नित कर लिए गए हैं, जिनमें यह अभियान फिलहाल चलाया जाना है।