अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। वाल्मीकि बस्ती निवासी एक युवक ने अन्य युवक पर पहले बाइक से टक्कर मारने और फिर घर से लोहे की रॉड लाकर पीटने के आरोप लगाए हैं। घायल युवक पीजीआई में उपचाराधीन हैं। सिटी पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस को दिए बयान में वाल्मीकि बस्ती निवासी विपिन ने बताया कि 10 दिसंबर को वह बारात में शामिल होकर वापस घर आया था। इसके बाद वह मोहल्ले में अपने दोस्तों के साथ एक दुकान पर खड़ा था कि इसी दौरान बस्ती निवासी एक युवक वहां आया और उसने जान-बूझकर बाइक से उसे टक्कर मार दी। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त युवक झगड़ा करने लगा। इसी दौरान वह अपने घर जाकर लोहे की रॉड निकाल लाया और आते ही उस पर हमला बोल दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने यहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सिटी थाना पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।