अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 दिसंबर के एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के लिए अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की जिला इकाई ने बुधवार को विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान गांव श्यामकलां, द्वारका, लाडावास आदि गांवों में पहुंचकर समिति पदाधिकारियों ने धरना कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। अभियान की अगुवाई जिला प्रधान राजकुमार हडौदी ने की।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि 36 बिरादरी का भाईचारा बनाए रखें और जाटों को बीसी-बी श्रेणी में आरक्षण देने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने जसिया में बन रहे शिक्षण कोचिंग संस्थान के लिए आर्थिक सहयोग देने के लिए लोगों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर भीम सिंह, होशियार सिंह, हलका प्रधान संदीप सांगवान, रामसिंह, मीर सिंह, रामकिशन, खजान सिंह, महावीर, पारस, सूरत, जिले सिंह, पवन व संदीप आदि मौजूद थे।