अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। शहर के दो मुख्यमार्गों पर करीब पांच साल पहले लगीं सोडियम की लाइटों को अब नगर परिषद बदलवाएगी। इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार हो चुका है। 881 लाइटें बदलने पर करीब 80 लाख रुपये लागत आएगी। इस संबंध में नगर परिषद ने हेड ऑफिस और जिला उपायुक्त के पास भी फाइल भेजी थी। दोनों जगहों से इसको स्वीकृति मिल चुकी है। अब नगर परिषद अधिकारी टेंडर लगाकर अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद वर्क ऑर्डर जारी कर देगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से मुख्यमार्ग जहां दुधिया रोशनी से जगमगाएंगे तो वहीं डेढ़ गुना तक बिजली खपत भी बचेगी।
नगर परिषद ने करीब आठ माह पहले शहर की करीब चार हजार सोडियम लाइटें बदलवाने की प्लानिंग तैयार की थी। सरकार के निर्देशों पर इसका एस्टिमेट तैयार किया था। इसके बाद यह फाइल स्वीकृति के लिए हेड ऑफिस भेजी गई। कई माह तो यह प्लानिंग ठंडे बस्ते में रही लेकिन नवंबर माह में भी नगर परिषद ने शहर में पुरानी लाइटों को बदलने और कुछ मार्गों पर नई लाइटें लगाने का काम शुरू कराया था। इसी कड़ी में अब नगर परिषद ने शहर के लोहारू चौक से परशुराम चौक और महेंद्रगढ़ चौक से कालेज रोड आरओबी तक सड़क के डिवाइडर की सोडियम लाइटें बदलवाने की कवायद शुरू कर दी है। इन दोनों मुख्य मार्गों पर कुछ लाइटें क्षतिग्रस्त पड़ी हैं तो कुछ के बल्ब लंबे समय से फ्यूज हैं। इन लाइटों को बदलवाने के पीछे नप अधिकारियों का तर्क है कि इनसे बिजली खपत अधिक होती है। एक पोल पर दो लाइटें लगी हैं। इनकी जगह जो एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी उनकी बिजली खपत डेढ़ गुना कम होगी। नप अधिकारियों की मानें तो इस सप्ताह में इसके लिए टेंडर लगा दिए जाएंगे और फिर नियमानुसार टेंडर ओपन कर अलॉटमेंट प्रक्रिया की जाएगी। इसके तत्काल बाद वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
250 वॉट की सोडियम लाइट की जगह 90 वॉट की लगेगी एलईडी
नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है दोनों मुख्यमार्गों का सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। इन पर 881 सोडियम लाइटें लगी हैं। ये लाइटें 250 वॉट की हैं। एक पोल पर दो लाइटें लगी हैं। इनकी जगह एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी और ये 90 वॉट की होंगी। इसके चलते ये डेढ़ गुना कम होगी। इनकी रोशनी भी सोडियम लाइटों से बेहतर रहेगी। नप अधिकारियों ने बताया कि जो टेंडर लगाए जाएंगे उसमें प्रावधान है कि इन लाइटों की तीन साल तक देखरेख संबंधित एजेंसी ही करेगी। इस दौरान कोई भी फॉल्ट आने पर लाइट को तुरंत रिप्लेस किया जाएग। अधिकारियों ने बताया कि जल्द से जल्द वो टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास करेंगे।
दोनों मुख्यमार्गों की एलईडी लाइटें बदली जाएंगी और यह प्रपोजल तैयार किया जा चुका है। इसके तहत 881 लाइटें बदली जाएंगी और इस पर करीब 80 लाख रुपये खर्च आएगा। जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट को पूरा कराने का हम प्रयास करेंगे। - हरिकिशन शर्मा, एमई, नगर परिषद