अमर उजाला ब्यूरो
बेरी। बेरी-कबुलपूर मार्ग पर जाना है तो जरा संभल कर जाइए, क्योंकि प्रदेश सरकार के गड्ढा मुक्त हरियाणा घोषणा के दावे बेरी-कबुलपूर मार्ग पर फेल साबित हो रहे हैं। यहां भारी वाहनों के दबाव में सड़क टूट रही है और यहां बने गड्ढे आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बेरी-कबुलपूर मार्ग पर रोजाना सफर करने वाले मुकेश, लीला, बिसाहन निवासी प्रदीप, रिंकू, अमित शर्मा, दीपक, राकेश, देवेंद्र, मनीष आदि ने बताया कि बेरी क्षेत्र में कांग्रेस शासनकाल में करोड़ों की लागत से सड़के बनवाई गई थी और सभी सड़कों पर वाहन चालकों को सफर करना आरामदायक था। लेकिन अब बेरी-कबुलपूर मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए और बिसाहन नहर के पास कई बार गहरे गड्ढे होने की वजह से वाहन चालक चोटिल चुके है। बेरी-कबुलपूर मार्ग पर वाहनों का आगमन बढ़ गया है। जब से रोहतक-झज्जर नेशनल हाईवे पर डीघल टोल आरंभ हुआ है। उसके बाद वाहन चालकों ने टोल बचाने के लिए वाया बेरी-कबूलपुर से जाना शुरू कर दिया है।
ओवरलोड वाहनों पर कसा जाए शिकंजा
क्षेत्र के लोगों की मांग है कि बेरी-कबुलपूर मार्ग को दुरुस्त करवाया जाए और ओवरलोड वाहनों को इस मार्ग पर जाने के लिए शिंकजा कसा जाए। बता दें कि करीब एक साल पहले बेरी-कबुलपूर मार्ग पर ही दो ओवरलोड वाहन चपेट में आ गई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। गांव बिसाहन निवासी प्रदीप ने बताया कि बेरी-कबुलपूर मार्ग पर सड़क परा गहरे गड्ढे और कई बार वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
बेरी-कबुलपूर मार्ग के सड़क बनाने का टेंडर लगा दिया गया है और एंजेसी आते ही जल्द ही बेरी से लेकर कबुलपूर तक सड़क का बनाने का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा, वाहन चालकों को किसी प्रकार की कोई परेशानी का सामना नही होने दिया जाएगा।
संदीप कुमार, जेई, पीडब्लूडी, बेरी।