अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शिक्षा विभाग ने पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों की स्थिति में सुधार लाने के लिए गर्मी की छुट्टियों में सभी सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के आदेश दिए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी मदन चोपड़ा ने सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों व प्रधानाचार्यों को इन आदेशों से अवगत करा दिया है।
हाल ही में घोषित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी का घोषित परीक्षा परिणाम कमजोर होने से शिक्षा विभाग काफी चिंतित है। विभाग ने अतिरिक्त कक्षा लगाने का फैसला लिया है। पिछले वर्ष भी छुट्टियों में अतिरिक्त रूप से कक्षाएं लगाई गईं थीं, जिससे पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार बोर्ड के परीक्षा परिणाम में काफी सुधार हुआ है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि ये सुधार पिछले वर्ष छुट्टियों में लगाई गई कक्षा का परिणाम रहा है। अभी और बेहतर परिणाम बनाने के लिए शिक्षा के स्तर में सुधार लाना होगा। इसके लिए कमजोर बच्चो की सूची बनाकर उनकी गर्मी की छुट्टी में अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। ऐसा करने से पाठ्यक्रम पूरा करने के साथ बच्चों की लेखनी व लर्निंग पावर को बढ़ाया जाएगा।