अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देश व प्रदेश की सत्ता में आने से पहले भाजपा ने जितने भी वायदे किए थे। उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। सिर्फ जातपात का नारा दिया। सामाजिकता को तार-तार किया और इसी की बदौलत फिर से सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। इसलिए जातपात में न उलझकर कमेरे वर्ग को एकजुट होना होगा। तभी हम सही हाथों में सत्ता सौंपेंगे। दिग्विजय बुधवार को बहादुरगढ़ में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
सभा का आयोजन बस स्टैंड के पास छात्र संघ चुनाव को बहाल करने के लिए इनसो की ओर से चलाए आंदोलन के सफल होने पर लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए किया गया था। इसका आयोजन जिला जिला के प्रधान महासचिव संजय दलाल व इनसो के जिलाध्यक्ष आश्चर्य दलाल ने किया। दिग्विजय ने कहा कि अगस्त या सितम्बर में छात्र संघ चुनाव होंगे। इसलिए इनसो के कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं और कॉलेजों की कक्षाओं से लेकर गली-मोहल्लों तक पहुंचकर युवाओं को संगठन से जोड़ें।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में इनसो छात्र संघ चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेगी। दिग्विजय चौटाला ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने, स्वामीनाथन आयोग लागू करने, कालाधन वापस लाने समेत न जाने कितने वायदे किए थे लेकिन सत्ता में आने के बाद तो भाजपा गाय तक पर राजनीति करने लगी। आज भाजपा के किसी मंत्री, विधायक के घर में गाय नहीं है। इसका सीधा मतलब है कि गाय बचाने के नाम पर दिखावा किया जा रहा है। इससे पहले सभा में पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने दिग्विजय चौटाला का स्वागत किया। पूर्व चेयरमैन दयानंद दलाल व मास्टर राज सिंह छिक्कारा ने दिग्विजय चौटाला को पगड़ी बांधी।
सभा को जिला प्रधान महासचिव संजय दलाल, हलकाध्यक्ष राजबीर परनाला, इनसो के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मुकेश सिहाग, जिला प्रवक्ता सौरभ मान छात्र नेता जयंत वशिष्ठ ने भी संबोधित किया और छात्र संघ चुनाव बहाल कराने में सहयोग करने पर सभी का धन्यवाद भी किया।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष कर्मवीर राठी, हल्का अध्यक्ष राजवीर परनाला, मास्टर सुखबीर सरोहा, मास्टर पंकज, सरपंच पाले प्रधान, उधम दलाल, सनवीर दलाल, अमित दलाल, पपल पहलवान, कुलदीप राठी, सागर, राकेश सिहाग, केशव दलाल, अजय, सचिन दूहन, निक्कू नयागांव, प्रवीण पूनिया, भोला नयागांव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।