अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
नगर पालिका हाउस की मीटिंग में शुक्रवार को लाइट वितरण को लेकर हुए हंगामे के बीच 41 प्रस्ताव पास किए गए। शहर के विकास को लेकर खास बात यह रही कि हर वार्ड के लिए 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे तो मेंटेनेंस के लिए पांच लाख रुपये का अतिरिक्त बजट भी शहर के हर वार्ड को मिलेगा। नपा मीटिंग में इस बार पार्षद पतियों को बाहर ही रहना पड़ा। इसकी शुरूआत खुद नपा की चेयरमैन कविता नंदवानी के पति उमेश नंदवानी ने की। उमेश नंदवानी इस बार नपा हाउस की बैठक में अपनी पत्नी के साथ नहीं आए तथा अधिकारियों ने पार्षद पतियों को भी मीटिंग से बाहर ही रहने के लिए कहा। जिस पर महिला पार्षदों ने ही मीटिंग की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
25 लाख से शहर में लगेंगी सोलर लाइटें
लाइट वितरण पर जिस प्रकार से पार्षदों ने मीटिंग में हंगामा किया, उसके बाद मामला सुलझाने के लिए पांच लाख रुपये की लाइट खरीद किए जाने के लिए नया टेंडर करने का प्रस्ताव रखा। जिसे सभी पार्षदों ने सहमति से पास कर दिया। वहीं, शहर की सड़कों के लिए नपा ने 25 लाख रुपये से सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव पास किया है। नपा अक्षय ऊर्जा विभाग से सब्सिडी पर लाइटें लेगी, जोकि ऑटोमैटिक दिन में ऑफ और रात के समय ऑन होंगी।
पार्कों का रखा जाएगा ध्यान
शहर के पार्कों का रखरखाव करने के लिए अब पूरा ध्यान रखा जाएगा। पार्कों के मेंटेनेंस के लिए नपा द्वारा टेंडर करने का प्रस्ताव भी मीटिंग में पास किया गया। वहीं, शहर के मुख्य पार्कों में ओपन जिम के भी प्रस्ताव पास किए गए। इस बार मीटिंग में नपा के द्वारा शहर के लोगों की सेहत का पूरा ध्यान रखा गया।
नहीं मिली नपा को बोलेरो गाड़ी
शहर की सरकार को चलाने वाले अफसर अब तक बे-कार ही चल रहे थे। नपा के कार्यों में गति लाने के लिए अधिकारियों के द्वारा बोलेेरो गाड़ी किराए पर लेने का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन वह पास नहीं हो पाया। इसके चलते अब नपा के अधिकारी बिना गाड़ी के ही कार्य करेंगे।
ग्रांट में किया भेदभाव : सरजीत
वार्ड-13 से पार्षद सरजीत गुर्जर ने बताया कि शहर के काफी वार्डों में पहले भी काफी पैसा खर्च किया जा चुका है, जिसके बावजूद अब फिर उन्हें ग्रांट मिलेगी। इस बात को उसने विरोध किया था। वहीं, लाइट वितरण में भी अधिकारी 80 लाइटों का हिसाब नहीं दे पाए। अब फिर से नपा अधिकारियों के द्वारा लाइट के लिए टेंडर लगाया जा रहा है।
41 प्रस्ताव पास करवाना उनकी उपलब्धि: नंदवानी
मीटिंग में 41 प्रस्ताव पास करवाना उनके डेढ़ साल के कार्य की उपलब्धि है। शहर के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं, 41 प्रस्तावों पर नपा के द्वारा अब करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, 10 करोड़ की लागत से बनने वाले नपा भवन, लाइब्रेरी भवन, दमकल भवन व दो लिंक रोड का शिलान्यास सीएम के हाथों करवाया जाएगा।
- उमेश नंदवानी, चेयरमैन नगरपालिका, झज्जर।