अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गोशाला में कादियान खाप के 12 गांव की पंचायत हुई। इस पंचायत में खाप की सर्वसम्मति से 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के अवसर पर सर्वजातीय, सर्वधर्म सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन सिवाना गांव में करने की सहमति हुई। कादियान खाप पंचायत के प्रधान बिल्लू पहलवान की अध्यक्षता में पंचायत में पहुंचे विभिन्न गांव व हलके के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखें।
सिवाना के सरपंच हरिओम कादियान ने बताया कि इस विवाह सम्मेलन में सभी धर्म व जातियों की लड़कियों का विवाह परमात्मा के आशीर्वाद से जटेला धाम में महंत राजेंद्र दास के सानिध्य में व बुजुर्गों के सहयोग एवं आशीर्वाद से ग्राम पंचायत सिवाना में संपन्न किया जाएगा। विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन का काम सिवाना ग्राम पंचायत व बेरी ब्लॉक में किया जाएगा। इस सम्मेलन में किसी भी प्रकार का नकद या वस्तु के रूप में कोई चंदा नहीं लिया जाएगा। विवाह सम्मेलन का संपूर्ण खर्च सरपंच सिवाना हरिओम कादियान द्वारा उठाया जाएगा।
विवाह सम्मेलन में सामाजिक रूप से गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किसी भी प्रकार का सहयोग करने की इच्छा होगी तो वह विवाह आयोजन समिति जोकि सर्वजातीय व सर्वधर्म के लोगों द्वारा गठित की जाएगी। उसमें कन्यादान के रूप में सहयोग कर सकते हैं। कन्यादान सभी विवाहित लड़कियों में कमेटी द्वारा समान रूप से वितरित किया जाएगा।
समिति 31 को दोबारा बैठक करेगी
आगामी कार्रवाई के लिए 31 जनवरी को पुन: आयोजन समिति की बैठक करेगी। सम्मेलन में विवाह के लिए रजिस्ट्रेशन कार्य एक जनवरी से शुरू हो चुका है और 31 मार्च तक जारी रहेगा। रविवार को हुई बैठक में खाप के प्रधान बिल्लू पहलवान, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस बिजेंद्र सिहाग, राजपाल सुहाग बिसाहन, तारीफ सिंह माजरा डी, आजाद साहब धौड़, महाबीर सिंह सरपंच बेरी ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन प्रधान, तेजवीर सिंह बाघपुर, श्रीभगवान प्रधान, ओमप्रकाश सचिव खाप, सुरेंद्र कादियान, सुरेश, हरिओम सरपंच सिवाना, भागमल कादियान, पूर्व सरपंच सिवाना ने इस विवाह सम्मेलन को अधिक से अधिक प्रचार व प्रसार करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
ताकि समाज में गरीब व पिछड़ों को अधिकतम सहयोग व सामाजिक जागरूकता हो। इस विवाह सम्मेलन में सरकार द्वारा जो भी आर्थिक सहयोग व कन्यादान की राशि देगी। वह राशि सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा विवाहित लड़कियों के बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी।