एसपी ने वाहन चालकों को बांटे हेलमेट
चरखी दादरी
सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के तहत बुधवार को एसपी हिमांशु गर्ग खुद ने लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान एसपी हिमांशु गर्ग ने परशुराम चौक पर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनाए। इसके अलावा शहर के मुख्य चौराहों पर दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट बांटे गए। एसपी गर्ग ने कहा कि सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाना बहुत ही जरूरी है। उन्होंनेे वाहन चालकों को हेलमेट लगाने का अनुरोध किया।
हिमांशु गर्ग ने कहा कि पुलिस विभाग का लक्ष्य चालान करना नहीं है बल्कि आम जनता को सुरक्षा मुहैया करवाना है। उन्होंने कहा कि चालक शराब पीकर वाहन न चलाएं ऐसी स्थिति में वह न केवल खुद के लिए बल्कि दूसरे वाहन चालकों की जान को भी खतरे में डालता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दूसरे लोगों को भी सड़क सुरक्षा और यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। हिमांशु गर्ग ने जिले के सभी स्कूली बच्चों व शिक्षकों के सड़क सुरक्षा और जागरूकता अभियान में शामिल होकर जनता को इस संबंध में जागरूक करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के सफल आयोजन के लिए केएन स्कूल निदेशक प्रीतम फौगाट, प्रवीण गर्ग, आर्यंस स्कूल निदेशक विक्रम फौगाट, निरीक्षक पवन कुमार को स्मृति चिह्न प्रदान किया।