अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
कोहरे के कारण कई एक्सप्रेस व पैसेंजर गाडिय़ों की गति बेहद धीमी पड़ चुकी है। बुधवार को सुबह के वक्त तमाम गाड़ियां कई घंटों तक लेट थी। कालिंदी, छिंदवाड़ा, गोरखधाम और धौलाधार जैसी बड़ी प्रमुख गाड़ियां 5-16 घंटे देरी पर थी। इस कारण हजारों यात्रियों को परेशानी हुई। नौकरी पेशे व विद्यार्थियों को दूसरे वाहनों के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
बुधवार को बहादुरगढ़ से होकर दिल्ली या रोहतक की तरफ जाने वाली आठ एक्सप्रेस व दो पैसेंजर गाड़ियां अपने निर्धारित समय से काफी देरी पर स्टेशन पर पहुंची। रोहतक की ओर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस का बहादुरगढ़ स्टेशन पर आने का समय प्रात: 6:43 बजे है। मगर बुधवार को यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से पांच घंटे देरी पर बहादुरगढ़ स्टेशन पहुंची। इसी तरह सुबह सात बजे आने वाली गोरखधाम पांच घंटे लेट, 14625 छिंदवाड़ा एक्सप्रेस 12 घंटे, अवध-आसाम 16 घंटे और पंजाब मेल 10 घंटे की देरी से चल रही थी।
दिल्ली की ओर जाने वाली अवध-आसाम छह घंटे की देरी से, धौलधार एक्सप्रेस डेढ़ तो सिरसा एक्सप्रेस एक घंटा लेट रही। जबकि दो दिल्ली पैसेंजर गाड़ियां भी आधा घंटा लेट रही। जबकि छिंदवाड़ा एक्सप्रेस रद्द थी।