अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
राज्य के कृषि, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की पहल पर जिले के गांव बुपनियां, ढाकला व कलोई वाई-फाई सुविधा से युक्त हो गए हैं। सरकार की तरफ से नि:शुल्क वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने वाला गांव बुपनियां प्रदेश का पहला गांव है। हालांकि गुमथला गडहू (पेहवा) सहित कुछ गांवों में और अटल सेवा केंद्रों में वाई-फाई की सुविधा तो उपलब्ध है किंतु वह पूर्ण रूप से निशुल्क नहीं है। झज्जर जिले के इन तीनों गांवों में संपूर्ण वाई-फाई सुविधा एक साल तक नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी।
गांव बुपनियां में रविवार को वाई-फाई सुविधा की शुरुआत करते हुए कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिलिपिंस दौरे को लाइव दिखाते हुए अपडेट भी दिया। वहीं आस्ट्रेलिया में रह रही हरियाणा की बेटी मशहूर कलाकार नीतू सिंह मलिक से वीडियो कॉल के जरिए संवाद किया। नीतू ने हरियाणा के पहले वाई-फाई युक्त गांव की शुभकामनाएं दी। धनखड़ ने नीतू सिंह से बातचीत करते हुए बताया कि वह गांव बुपनियां में प्रदेश के पहले वाई-फाई युक्त गांव से ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे जुडे़ हैं, ऐसे में ग्रामीणों की ओर से भी हरियाणा की बेटी को शुभाशीष दिए गए।
ग्रामीणों के साथ बैठकर कृषि मंत्री ने वाई-फाई सुविधा के लाभ सकारात्मक रूप से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति शिक्षा, व्यवसाय व स्वास्थ्य सुधार की दिशा में इसका उपयोग करें, ताकि ग्रामीण विकास की नई तस्वीर सामने आ सके। उन्होंने कहा कि अच्छे कामों के लिए इस योजना की उपयोगिता होनी चाहिए जिससे डिजिटल इंडिया की दिशा में सफलतम कदम बढे़ं। उन्होंने ग्रामीणों को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि वाई-फाई कनेक्टिविटी का सेलफोन से सीधा जुड़ाव होने से उसका पूरा रिकॉर्ड भी बीएसएनएल के पास उपलब्ध रहता है, ऐसे में नकारात्मक ऊर्जा के रूप में इस योजना का गलत इस्तेमाल न करें। इस मौके पर बादली के एसडीएम त्रिलोकचंद, बीडीपीओ परमेंद्र, बीएसएनएल के डीईटी दिनेश कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
पहल : सरकार ने तीन गांवों में शुरू की मुफ्त वाई-फाई सेवा
नि:शुल्क वाई-फाई सुविधा वाला बुपनियां बना प्रदेश का पहला गांव : धनखड़
-गांव बुपनिया सहित ढाकला और कलोई में शुरू हुई फ्री वाईफाई सुविधा
-कृषि मंत्री धनखड़ ने गांवों में पहुंचकर किया योजना का शुभारंभ
---फोटो 8 : गांव बुपनियां में फ्री वाई-फाई सेवा का शुभारंभ करने के बाद वीडियो काल से आस्ट्रेलिया में मौजूद नीतू सिंह से बातचीत करते कृषि मंत्री धनखड़।
---------