अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
अनाज मंडी में हैफेड द्वारा बाजरा खरीद को दो दिन के लिए बंद कर लिफ्टिंग पर फोकस किया गया है। बदलते मौसम को देखते हुए हैफेड द्वारा ऐसा फैसला किया गया था। हैफेड द्वारा अब तक झज्जर जिले में 14561 एमटी बाजरा खरीद की जा चुकी है। साथ ही हैफेड ने फैसला लिया है कि शनिवार के बाद झज्जर में बाजरे की खरीद नहीं की जाएगी। झज्जर अनाज मंडी में शुक्रवार शाम तक बाजरे के करीब 40 हजार बैग रखे थे, जिनकी लिफ्टिंग नहीं की जा सकी। ऐसे में विभाग ने दो दिन तक लिफ्टिंग पर ही फोकस किया है। खाद्य आपूर्ति विभाग के इस फैसले से अनाज मंडी में काफी बाजरा बिना खरीद के रह जाएगा। जिसके बारे में अधिकारियों का तर्क है कि यह बाजरा 25 अक्तूबर के बाद मंडी में पहुंचा है।
विधानसभा में उठा मुद्दा तो फिर हुई खरीद
झज्जर अनाज मंडी में बाजरा खरीद को लेकर किसानों व आढ़तियों ने धरना दिया था। जिसे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने समर्थन दिया था। तीन दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान गीता भुक्कल ने मुद्दे को सत्र में उठाया था। जिस पर खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज ने लिखित में आश्वासन दिया था कि झज्जर अनाज मंडी में बाजरा खरीद की जाएगी।
कमेटी की देखरेख में हुआ था फैसला
विभाग की तरफ से बाजरा खरीद का रास्ता साफ किए जाने के बाद फैसला लिया गया था कि एसडीएम की अध्यक्षता वाली कमेटी बाजरा खरीद को लेकर किसानों व आढ़तियों से एक राय कायम करवाएगी। इसके बाद कमेटी ने फैसला लिया था कि झज्जर में साढे़ छह हजार एमटी बाजरे की खरीद की जाएगी। जिसके तहत यहां पर अब करीब 7800 एमटी की खरीद की जा चुकी है। लेकिन किसान और आढ़ती इससे भी संतुष्ट नहीं हैं।
एक-एक दाने की होनी चाहिए खरीद
अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान चांद सिंह ने बताया कि वे इस बारे में अधिकारियों से शनिवार को बात करेंगे। मंडी में इस समय करीब 800 मीट्रिक टन बाजरा बचा हुआ है, जिसकी खरीद नहीं हो पाई है। वे किसानों को साथ लेकर अधिकारियों से मंडी में आए एक-एक दाने की खरीद किए जाने की मांग उठाएंगे।
वर्जन
बाजरा खरीद फिर से शुरू होने के बाद उन्होंने समझौते से अधिक बाजरा खरीद लिया है। शनिवार को बाजरे की आखिरी खरीद होगी। उनका ध्यान इस समय बाजरा लिफ्टिंग पर है। बाजरा खरीद अब तक 14561 एमटी की जा चुकी है।
- सुरेंद्र चौधरी, डीएम, हैफेड झज्जर।