अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
सीएम फ्लाइंग की छापामार कार्रवाई के बाद आरटीए कार्यालय में प्रभावित हुआ कार्य पुन: सुचारु हो गया है। शुक्रवार को परमिट एवं लाइसेंस संबंधी कार्य शुरू होने से लोगों को कुछ राहत मिली। मगर कार्यालय में कुछ स्थानों पर अव्यवस्थाएं भी हावी रही, जिससे कामकाज प्रभावित हुए।
शुक्रवार की सुबह रोजाना की तरह आरटीए दफ्तर खुला। कार्यालय खुला तो काम के सिलसिले में आए लोगों को राहत मिली। निचले तल पर स्थित चालान फीस भुगतान केंद्र, लाइसेंस रजिस्ट्रेशन काउंटर व परमिट फीस काउंटर समय से खुल गए। दो दिन से काम न होने से परेशान लोग इन विंडो पर लाइन में लग गए। हालांकि ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी, मगर सुबह 10 से लेकर 12 बजे तक यहां कामकाज लगभग सुचारु ढंग से चलता रहा। अन्य दिनों की तुलना में शुक्रवार को हेल्प डेस्क पर भी लोगों की हेल्प की गई।
यहां रही अव्यवस्थाएं
ऊपरी तल पर स्थित कई कमरों में अव्यवस्थाएं हावीं रहीं। कई रूम तो साढ़े 10 बजे तक भी नहीं खुले थे। कमरा नंबर-5 खुला था। इस कमरे में सिर्फ एक ही महिला कर्मचारी काम में लगी थी। उसके अलावा कमरे में अन्य कोई कर्मचारी नहीं था। इस कमरे में नई आरसी के लिए आवेदन करने का काम किया जाता है। कमरा नंबर-3 साढ़े 10 बजे खोला गया। सहायक सचिव का आफिस खुला रहा। मगर वहां भी अव्यवस्थाएं हावी थी। कंप्यूटर सीट पर लगभग 11 बजे एक कर्मचारी यहां आकर बैठे। दो दिन काम बंद होने के बाद शुक्रवार को काम ढंग से शुरू भी नहीं हुआ था कि दलालों ने फिर से दफ्तरों के चक्कर लगाने शुरू कर दिए।
पौने 11 बजे लगाई हाजिरी
ऊपरी तल के तमाम कमरों में कर्मचारियों की लेट लतीफी का सिलसिला जारी था। हैरानी की बात ये कि एक कर्मचारी ने तो सहायक सचिव के कार्यालय में रखे रजिस्टर में पौने 11 बजे आकर हाजिरी लगाई। उस कर्मचारी से बात की गई तो उसने खुद को यहां का कर्मचारी होने से इंकार कर दिया और चला गया। साथ ही सटे क्लर्क रूम के बाहर लोग काफी देर से कर्मचारी के आने का इंतजार करते रहे। प्रवीन ने कहा कि उसे परमिट के सिलसिले में क्लर्क नरेश से काम था। काफी देर से उनका इंतजार कर रहे हैं, लेकिन वे नहीं आए। 11 बजे के आसपास ही एक कर्मचारी उक्त कमरे में आया तो यहां काम शुरू हो पाया।
छोड़ दिया था काम
दरअसल, बुधवार को सीएम फ्लाइंग ने आरटीए आफिस में छापा मारा था। यहां रिकार्ड में गोलमाल मिलने पर टीम ने कुछ अधिकारियों की पुलिस में शिकायत दी। अधिकारियों पर केस दर्ज होने के कारण बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया। किसी ने पब्लिक डीलिंग नहीं की। लगातार दो दिन काम न होने से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
- कहीं सुचारु रहा काम तो कहीं अव्यवस्थाएं रही हावी