अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़
रेलवे अंडर पास के लिए भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्थानीय रेलवे स्टेशन के निकट प्रस्तावित रेलवे अंडरपास के निर्माण की कवायद आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार ने इस अंडर पास के लिए रेलवे को 2067 वर्ग मीटर जमीन साढ़े तीन दशक के लिए देने का फैसला लिया है।
मनोनीत नगर पार्षद राजपाल पाले और पूर्व नगर पार्षद राजपाल शर्मा समेत चार लोगों का प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को दिल्ली में रेल मंत्रालय के निदेशक (भू-प्रबंधन) से मिला और राज्य सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा उपरोक्त भूमि रेलवे को लीज पर देने के प्रस्ताव पर विचार विमर्श किया। इस प्रतिनिधि मंडल में प्रकाश राठी और बिल्लू पंडित भी शामिल थे। इस जमीन को रेलवे को 35 वर्षों तक लीज पर दिया जाएगा। इन भाजपा नेताओं ने रेल अधिकारियों से पीडब्ल्यूडी हरियाणा के प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने और अंडर पास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निवेदन किया। नाम न छापने की शर्त पर रेलवे के निदेशक भू-प्रबंधन ने बताया कि रेल मंत्रालय के अधिकारी इस प्रस्ताव की नियमानुसार जांच करेंगे और इसके बाद स्वीकृति के लिए सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जाएगा। इन्होंने कहा कि हरेक स्तर पर जल्द ही सकारात्मक फैसला आने की उम्मीद है। उसके बाद अंडरपास निर्माण के लिए टेंडर खोल दिए जाएंगे। ठेका छूटने के शीघ्र बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा। राजपाल शर्मा ने बताया कि इस अंडरपास के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये रेल मंत्रालय को सौंपे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 9 करोड़ रुपये और दिए जाएंगे। इस प्रकार अंडरपास के निर्माण कार्य का प्रोजेक्ट 43 करोड़ से अधिक रहने का अनुमान है। राजपाल पाले ने कहा कि आरयूबी बनने के बाद लाइनपार क्षेत्र के लोगों, शहर के मुख्य हिस्से में रहने वालों और वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय व वैश्य आर्य कन्या बीएड महाविद्यालय की हजारों छात्राओं व स्टाफ को सुविधा होगी।