अमर उजाला ब्यूरो
बादली।
क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही बरसात से बादली की गलियां पानी से लबालब भर गई। अधिकतर गलियों में पानी नदी की तरह से बह रहा है। ऐसे में बरसात ने ही पानी निकासी प्रबंधों की पोल खोल दी है। बरसात पानी निकासी के प्रबंध अभी गांव में नहीं हो पाए हैं और नालों की सफाई का कार्य तक भी शुरू नहीं हुआ है। शासन और प्रशासन के मानसून शुरू होने से पहले बरसाती पानी निकासी के दावों की पोल खुल गई।
बादली निवासी हिमांशु शर्मा, अमित, विक्की, विकास, दीपक, जोगेंद्र, अनिल आदि का कहना है कि गांव में नालों की सफाई कार्य शुरू न कराने से पंचायत के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। मकानों के बाहर पानी खड़ा है तो सड़क के दोनों ओर भी लबालब पानी है। बरसात के बाद नाले ओवरफ्लो हो गए और दुकानों के बाहर सड़कों पर पानी भर गया।
पेलपा रोड से गांव की प्रमुख गली, बस स्टैंड वाली गली और बाबा मोहनदास गली के लोग पानी भराव से घरों में कैद हो गए। गांव की कई अन्य गलिया भी जल मग्न हो गई। गलियों का पानी नालों में निकलता है मगर नालों के ओवरफ्लो होने से पानी निकासी का कोई रास्ता नहीं रहा। ग्राम पंचायत ने नालों की सफाई करवाई है मगर नाले एक बार फिर से ओवरफ्लो हो गए। पानी निकासी के लिए ग्राम पंचायत द्वारा कराए गए प्रयास भी व्यर्थ साबित हो रहे हैं क्योंकि कई गलियों का निर्माण कार्य पैसे की कमी में पूरे नहीं हो रहे हैं।