अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव मंदोला स्थित एक पशु डेयरी में काम करने वाला शख्स मालिक के 50 हजार और बाइक लेकर गत सात अगस्त को फरार हो गया। उसका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। डेयरी संचालक ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने इस संबंध में भिवानी जिले के गांव आसलवास निवासी जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मंदोला निवासी बिजेंद्र ने बताया कि वह गांव में पशु डेयरी चलाता है और उसने आसलवास निवासी जितेंद्र को अपने यहां नौकरी पर रखा हुआ था। गत सात अगस्त को उसके पिता राजेंद्र को दादरी शहर में किसी परिचित से 50 हजार रुपये लेने जाना था। इसलिए उसने बाइक देकर जितेंद्र को उनके साथ भेज दिया। बिजेंद्र ने बताया कि उसके पिता ने दादरी से 50 हजार रुपये की नकदी उधार ली और अपने गांव मंदोला के लिए वहां से चल पड़े। राजेंद्र ने बताया कि जब वो गांव में पहुंचे तो जितेंद्र ने पेट्रोल पंप पर जाकर आने की बात उसे कही और उसे उतार कर वहां से चला गया। बिजेंद्र ने बताया कि 50 हजार की नकदी जितेंद्र के पास ही थी। काफी समय बाद भी वह वापिस नहीं लौटा तो उसने उसके मोबाइल पर फोन लगाया लेकिन नंबर स्विच ऑफ आया। बिजेंद्र ने बताया कि दो दिन तक उसके आने का इंतजार किया लेकिन न तो उसका नंबर मिला और न ही कोई फोन आया। इसके बाद बिजेंद्र ने बुधवार को आदमपुर पुलिस चौकी पहुंचकर जितेंद्र के खिलाफ शिकायत सौंपी। शिकायत में बिजेंद्र ने बताया कि आरोपी उसकी बाइक भी ले गया। पुलिस ने जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर पुलिस थाने से हेड कांस्टेबल मुकेश ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिलते ही पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।