अनाज मंडी में किसानों का धरना जारी
चरखी दादरी।
सरसों खरीद के लिए लगाई गई शर्तों के विरोध में नई अनाज मंडी परिसर में मार्केट सचिव कार्यालय के समक्ष अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा दिया जा रहा धरना शनिवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान रामरत्न घसौला ने की। रणधीर कुंगड़ ने बताया कि धरना स्थल पर पहुंच कर कांग्रेस हलका प्रधान बलजीत फौगाट व महासचिव गोपीचंद ने अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इस दौरान अखिल भारतीय किसान सभा प्रांतीय प्रधान मास्टर शेर सिंह, भिवानी प्रधान ओमप्रकाश सैनी, सीटू उपाध्यक्ष करतार ग्रेवाल, अध्यापक संघ महासचिव जगरोशन आदि ने कहा कि सरकार द्वारा लगाई गई शर्तें नाजायज हैं। खेतीबाड़ी से जुड़े अधिकतर किसान बहुत ही कम पढ़े लिखे हैं ऐसे में इतनी कागजी कार्यवाही की कोई बुनियाद ही नहीं बनती। इसके साथ ही कई गरीब किसान तो दूसरे की जमीन पट्टे पर लेकर खेती कर अपने परिवार का पेट भर रहे हैं, ऐसे में वे जमीन की फर्द व अन्य कागजात कैसे पूरे कर पाएंगे। फसल खरीद की मात्रा को सुनिश्चित कर देने से बची हुई फसल को किसान कहां लेकर जाएं। इन जटिलताओं के कारण किसान औने- पौने दामों पर अपनी फसल बेचने को मजबूर हो चुके हैं, इसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर कप्तान सुलतान सिंह मकड़ाना, संता सिंह, मांगेराम घसौला, प्रताप सिंह सांगवान, चंद्र सिंह चरखी, हीरा सिंह दातौली, ज्ञानीराम, स्वर्ण नंबरदार, सोमबीर नंबरदार, महावीर मौड़ी, बिल्लू मकड़ाना, छतर सिंह, रामफल , संजय नौसवा, पवन दादरी, प्रिंस नौसवा आदि उपस्थित थे।