तलवारबाजी स्पर्धा में रोहतक का देव प्रथम
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी ।
नगर के घिकाड़ा रोड स्थित आर्यंस मॉडल स्कूल में चल रही राज्य स्तरीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में अंडर- 23 आयुवर्ग में फॉयल श्रेणी में देव रोहतक ने बाजी मारी। इस अवसर पर पानीपत के डीईटीसी बीके बेनीवाल मुख्य अतिथि और चरखी दादरी के सीटीएम मनीष फौगाट गेस्ट ऑफ ऑनर रहे। इस अवसर पर पुरुषों की अंडर- 23 आयुवर्ग के मुकाबले में फॉयल श्रेणी में रोहतक के देव प्रथम, सोनीपत के हरीश द्वितीय और रोहतक के सूरज तीसरे स्थान पर रहा। ईपी श्रेणी में करनाल के अरुण प्रथम, जींद के नितिन द्वितीय और जींद के विजय तीसरे स्थान पर रहे। इसी आयुवर्ग में ही सैबर श्रेणी में सोनीपत के सागर साही प्रथम, आतीश द्वितीय और अभिषेक तीसरे स्थान पर रहे।
इस अवसर पर सीटीएम मनीष फौगाट ने कहा कि तलवारबाजी खेल का सीधा संबंध शारीरिक कौशल एवं कला से है। यह कला वास्तव में चातुर्यता से जुड़ी है। इस खेल के प्रति युवाओं को आगे आना चाहिए। ऐसे खेलों को भी बढ़ावा देने की जरूरत है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों ऐसे खेलों को बढ़ावा देना जरूरी है। सरकार भी खेलों को बढ़ावा देते हुए खिलाड़ियों को हर संभव सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। महिला अंडर 23 आयुवर्ग के मुकाबलों में फॉयल श्रेणी में फरीदाबाद की दीपिका प्रथम, रोहतक की नीतू द्वितीय, फरीदाबाद की गुंजन तीसरे स्थान पर रही। वही ईपी श्रेणी के मुकाबले में करनाल की तंनिक्षा प्रथम, करनाल की शीतल द्वितीय और रोहतक की तनु तीसरे स्थान पर रही। महिला वर्ग की सैबर श्रेणी में करनाल की शिवानी प्रथम, जींद की वनिका द्वितीय और जीया तीसरे स्थान पर रही।
राजबीर सिंह, कृपाल सिंह , लोकेश राणा सोनीपत, दिनेश जींद ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस अवसर पर तलवारबाजी संघ सचिव अनिल , नरेंद्र लाठवाल पानीपत, आर्यंस मॉडल स्कूल संचालक विक्रम फौगाट, विकास फौगाट उपस्थित रहे।
फोटो 23 तलवारबाजी स्पर्धा में भाग लेते खिलाड़ी।