रोडवेज ट्रेनिंग स्कूल का नया बैच 17 से
चरखी दादरी।
हरियाणा रोडवेज प्रशिक्षण स्कूल दादरी में ट्रेनिंग लेने वाले आवेदकों के लिए नया बैच 17 नवंबर से शुरू किया जाएगा। इस बैच में ट्रेनिंग लेने वाले आवेदकों को 21 दिसंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये जानकारी दादरी रोडवेज महाप्रबंधक रामकुमार व ट्रेनिंग स्कूल के प्रभारी राजेश कुमार रावलधी ने दी।
उन्होंने बताया कि रोडवेज ट्रेनिंग बैच में ऑनलाइन करने वाले आवेदकों में क्रम संख्या 7629 से 7858 तक के अभ्यार्थियों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण लेने के लिए जिन अभ्यार्थियों ने ऑनलाइन फार्म भरकर प्रशिक्षण स्कूल में जमा करवाए हैं उनमें से वरिष्ठता के आधार पर ही सलेक्शन किया जा रहा है। विभाग द्वारा ट्रेनिंग लेने वाले अभ्यार्थियों की हाजिरी बायोमीट्रिक मशीन द्वारा लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण लेने वाले अभ्यार्थियों को संबंधित आरटीए कार्यालय से लर्निंग लाइसेंस लेकर व विभाग द्वारा निर्धारित फीस के साथ 15 नवंबर सांय पांच बजे तक प्रशिक्षण स्कूल कार्यालय में जमा करवाना होगा।