2.81 करोड़ से बनेगा कादमा आईटीआई का नया भवन
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
जिले की कादमा आईटीआई का 2.81 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनेगा। इस निर्माण के लिए पीब्डल्यूडी विभाग ने टेंडर लगा दिए हैं। इस समय आईटीआई का भवन पर्याप्त नहीं है। नया भवन बनने के बाद यहां ट्रेड भी बढ़ने की संभावना है। इससे कादमा व आसपास के करीब दो दर्जन से अधिक गांवों के नवयुवकों को सीधे तौर पर फायदा हो सकेगा।
जिले में गांव रावलधी में आईटीआई का निर्माण गत कांग्रेस सरकार के शासनकाल में हुआ था। रावलधी आईटीआई में सभी प्रकार के ट्रेड तो नहीं है लेकिन युवाओं के कैरियर से जुड़े रूटीन के सभी ट्रेड शामिल हैं। तत्पश्चात कादमा में आईटीआई शुरू हुई थी। इस आईटीआई के लिए भवन पर्याप्त न होने से यहां ट्रेड की संख्या काफी कम है। कादमा से थोड़ी दूरी पर महेंद्रगढ़ जिले का एरिया शुरू हो जाता है।
---
निर्माण के लिए टेंडर लगाए
भवन निर्माण के लिए पीब्डब्ल्यूडी विभाग ने टेंडर लगा दिए हैं। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में यह टेंडर खुल जाएंगे। टेंडर रिसीव होते ही वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू होगी ताकि जल्द ही इस भवन का निर्माण हो सके। इस आईटीआई निर्माण के लिए 2.81 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है।
---
आईटीआई के भवन निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। टेंडर खुलते ही अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगा। आईटीआई भवन में छात्रों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
सुरेंद्र कुमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी विभाग