ट्रेन और इंटरनेट सेवाओं पर रहेगी रोक
चरखी दादरी।
जिले में शांति बरकरार रहने पर सीनियर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने रोडवेज विभाग को आदेश जारी कर बस सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इतना ही आज से सभी शैक्षणिक संस्थाएं भी खुल जाएंगी। पिछले तीन दिनों से शैक्षणिक संस्थाएं जिला उपायुक्त के आदेशों पर बंद थीं। फिलहाल ट्रेन व इंटरनेट सेवाओं पर रोक अनिश्चितकालीन समय के लिए बरकरार रहेगी। यातायात सेवा के बहाल होने से शहरी कारोबार भी पटरी पर लौटेगा।
जिला उपायुक्त विजय कुमार सिद्प्पा ने बताया कि जिले में एहतियात के तौर पर धारा-144 अभी लागू रहेगी, लेकिन रोडवेज सेवाएं मंगलवार को बहाल हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि दादरी जिले में शांति बरकरार है ओर इस वजह से शैक्षणिक संस्थाओं को खुला रखने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इंटरनेट सेवाओं व ट्रेन सेवा जिले में अभी बहाल नहीं होंगी। उच्चाधिकारियों के इस संबंध में आदेश आने पर ही इन सेवाओं को भी बहाल किया जाएगा। उन्होंने डेरा अनुयायियों और अन्य लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।