अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
जिला प्रशासन की ओर से 30 जुलाई से एसआरडीबी सर्वे का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसके बाद आपके घर-जमीन व बैलेंस की पूरी खबर सरकार के पास रहेगी। इसकी तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त आमना तस्नीम ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। झज्जर जिले में यह सर्वेक्षण 30 जुलाई से आरंभ होगा। लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान सर्वेक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार का जनसेवा सर्वे एक महत्वकांक्षी कार्यक्रम है। इसमें प्रत्येक नागरिक की आर्थिक व सामाजिक जानकारी एकत्रित की जाएगी। ऐसे में सर्वे करने वाली टीम को अच्छी प्रकार से प्रशिक्षित किया जाए। जनसेवा सर्वे का कार्य पहले चरण के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा। इस सर्वे में ग्राम पंचायतों व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सक्रिय भागीदार बनाया जाए। खंड स्तर पर संबंधित बीडीपीओ ग्राम पंचायतों को जनसेवा सर्वे के बारे में विस्तार से जानकारी दे। उन्होंने बताया कि झज्जर जिला में सर्वेे से जुड़े सभी अधिकारी दैनिक आधार पर इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। प्रदेश सरकार के प्रधान सचिव श्रीकांत वाल्गद जिला में जनसेवा सर्वे की तैयारियों को लेकर गुरुवार को झज्जर का दौरा करेंगे। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय सिंह, जिला राजस्व अधिकारी मनबीर सांगवान, लीड बैंक मैनेजर एलडी शर्मा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमित पंवार, जिला सूचना प्रौद्योगिकी अधिकारी अमित बंसल, जिला रोजगार अधिकारी नृपेंद्र सांगवान आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
- प्रधान सचिव श्रीकांत वाल्गद एसआरडीबी सर्वे के लिए आज करेंगे जिले का दौरा