जिला स्तरी ब्रास बैंड प्रतियोगिता 20 से
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
दादरी में स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ब्रास बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें विजेता रहने वाली टीमों को अगले माह प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली व्यवसायिक व ओपन बैंड प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। ये जानकारी नगराधीश अमरदीप सिंह ने दी उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में व्यवसायिक बैंड वादक, निजी एवं राजकीय विद्यालय, कॉलेज तथा अन्य शिक्षण संस्थाओं की टीम भाग ले सकती है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर यह प्रतियोगिता 20 से 22 जुलाई और राज्य स्तर पर पंचकुला में 8 से 11 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सेना, अर्द्घ सैन्य बल और पुलिस की टीम भी भाग ले सकती है।
जिला स्तर पर उपायुक्त के मार्गदर्शन में निर्णायक मंडल की चार सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। प्रतिभागी टीम में चार, आठ और दस सदस्य भाग ले सकते हैं। टीम के लिए प्रदर्शन की अवधि 10 मिनट की रहेगी। ब्रास बैंड दल को एक धुन देशभक्ति की और एक अपनी पसंद की बजानी होगी। दल का प्रत्येक सदस्य साफ-सुथरी ड्रेस में होना चाहिए। अमरदीप सिंह ने बताया कि एसडीएम कार्यालय के ऊपर जिला सूचना व जनसंपर्क अधिकारी के कार्यालय में कोई भी इच्छुक बैंड दल अपना आवेदन 18 जुलाई तक जमा करवा सकता है। आवेदन निशुल्क है तथा फॉर्म कार्यालय में ही दिया जाएगा। इसमें जिला स्तर पर व्यवसायिक बैंड पार्टियों की ओपन श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये, द्वितीय विजेता को 20 हजार व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 15 हजार रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। निजी व सरकारी शिक्षण संस्थाओं के अलग-अलग बनाई गई श्रेणी में प्रथम विजेता को 15 हजार, द्वितीय को साढे बारह हजार एवं तृतीय विजेता को दस हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।