अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शास्त्री नगर निवासी एवं एसडीएम कार्यालय में कार्यरत पुरूषोत्तम की बेटी भाविका का वायु सेना में बतौर फ्लाइंग आफिसर के पद पर चयन हुआ है। भाविका की इस उपलब्धि पर जहां पैतृक गांव खेड़का गुर्जर में खुशी का माहौल है। वहीं शहर में नजफगढ़ रोड स्थित शास्त्री नगर कॉलोनी वासी भी प्रफुल्लित हैं। एसडीएम बहादुरगढ़ जगनिवास ने भाविका द्वारा पहले ही प्रयास में उक्त परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र को गौरवान्वित करने पर उसे शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं और भाविका की मेहनत और लग्न ने इसे प्रमाणित भी कर दिया है।
फ्लाइंग ऑफिसर भाविका के पिता पुरूषोत्तम ने बताया कि बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के साथ भाविका ने शिक्षण में गहन रुचि रखी। उसने फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित हो पूरे परिवार का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि भाविका ने एसआर सेंचुरी स्कूल से दसवीं में 94 प्रतिशत व बारहवीं 90 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की थी और उसके बाद महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक से 81 प्रतिशत अंकों के साथ बीटेक किया। अब आईपी विश्वविद्यालय दिल्ली से एमटेक फाइनल में अध्यननरत है। उन्होंने बताया कि एक जुलाई से हैदराबाद में भाविका की ट्रेनिंग शुरू हो रही है। भाविका के फ्लाइंग ऑफिसर बनने पर परिजनों को बधाई देने के लिए लोग उनके घर पहुंच रहे हैं। भाविका की इस नियुक्ति पर माता-पिता भी काफी खुश हैं।
- पैतृक गांव खेड़का गुर्जर सहित शहर में खुशी का माहौल