बहादुरगढ़। देर रात आई तेज आंधी और पानी ने शहर में बिजली व्यवस्था की कमर तोड़ कर रख दी। आंधी से कई इलाकों में फाल्ट आ गए। सेक्टर-9 के दो ट्रांसफार्मर जल गए। कई जगह बिजली के तारों में पेड़ की टहनी गिर गई, जिससे बिजली की लाइन टूट गई। शहर के कई इलाकों में करीब चार घंटे तक बिजली व्यवस्था ठप रही। वहीं, निगम के अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर जलने से करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। शाम करीब साढ़े छह बजे से आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से कई इलाकों में एक के बाद एक फाल्ट की शिकायत बिजली निगम के कंट्रोल रूम में आने लगी। बारिश की वजह से कर्मचारी लाइन ठीक नहीं कर सके। लगभग साढ़े तीन घंटे बाद बारिश और आंधी बंद हो गई। जिसके बाद कर्मचारियों ने बिजली के लाइनों की मरम्मत की जिससे उनमें करंट दौड़ा।
यहां आए फाल्ट
बिजली निगम के कर्मचारियों ने बताया कि देर रात एमआई पार्ट ए, ब, सेक्टर-2, ओल्ड, सूर्या, एचएनजी, बामनोली, जसौर खेड़ी, बुपनिया 33 केबी पावर हाउस में सैकड़ों फाल्ट की शिकायत आईं। जिसे कर्मचारियों ने जल्द ठीक कर दिया गया। ट्रांसफार्मर में पानी जाने से बिजली की लाइन में दिक्कत आई थी। उसे भी लाइन बदल कर ठीक कर दिया गया। जिससे दोबारा बिजली सुचारु रूप से चालू हुई। वहीं, बारिश की वजह से सिटी पावर हॉउस में केबल बाक्स भी जल गया।
कम वोल्टेज ने लोगों को किया परेशान
आंधी और बारिश में हुए फाल्ट से चार घंटे तक गुल रही बिजली जब बाद आई तो लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन कुछ देर बाद वोल्टेज कम होने के कारण पंखे और कूलर ठीक तरीके से नहीं चल सका। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अनाज मंडी, महावीर पार्क, नई बस्ती सहित कई जगहों में वोल्टेज की समस्या रही।
बारिश की वजह से समस्या हुई
देर रात आंधी और बारिश से लोगों को बिजली न आने की परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसे जल्द ही ठीक कर दिया गया। बारिश होने की वजह से वोल्टेज की समस्या रही है। सेक्टर-9 में दो ट्रांसफार्मर फूंक गए थे, जिससे विभाग को करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है।
- संदीप जैन, एसई, झज्जर।