अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। हरियाणा की पहचान अच्छे किसान, अच्छे जवान और अच्छे पहलवानों से होती है। अच्छे संस्कार और अच्छी सेहत के मामले में हरियाणा देश में सबसे आगे है। यह बात हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने रविवार को गांव कासनी में सत साहेब कुश्ती एकेडमी का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। ओमप्रकाश धनखड़ ने सत साहेब कुश्ती एकेडमी का उद्घाटन करने के साथ-साथ कुश्ती हॉल का रिबन भी काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने एकेडमी के नाम में सत साहेब नाम का जुड़ाव होने पर कहा कि अच्छी सेहत के साथ-साथ यहां पर अच्छे संस्कार भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जब मन अच्छा होगा तो तन भी अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि इस इलाके से अच्छे-अच्छे पहलवान निकले है। उन बुजुर्गों के संस्कारों की नई पीढ़ी को भी जानकारी देनी चाहिए। बुजुर्गों की संस्कार, बहादुरी व अच्छी बातों को सदैव याद रखना चाहिए। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री का गांव कासनी पहुंचने पर स्वागत किया गया। खेलकूद को प्रोत्साहन देने के लिए उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 11 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। इस अवसर पर सत साहेब कुश्ती एकेडमी के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय कोच सुनील पहलवान, जिला परिषद के उपाध्यक्ष योगेश सिलानी, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के प्रबंधन बोर्ड सदस्य आनंद सागर, गोसेवा आयोग के सदस्य, सोमबीर कोडान, शमशेर कासनी, प्रेम सुबाना, मातूराम, रमेश पहलवान, कदम कोच, लाला पहलवान, भोला पहलवान, मोटा कोच लाडपुर, जितेंद्र चेरयमैन, उमेद सिंह आर्य आदि उपस्थित रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम शिखा भी उपस्थित रही।