अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस को नॉन एजेंडे को एजेंडा बनाना छोड़ देना चाहिए नहीं तो वह दिन दूरी नहीं है जब हरियाणा से ही नहीं बल्कि पूरे देश मेें कांग्रेस का समूल नाश हो जाएगा। धनखड़ झज्जर में डॉ. तंवर के उस बयान पर जवाब दे रहे थे, जिसमें तंवर ने चुनाव आयोग को ही संदेह के कठघरे में खड़ा कर आरोप लगाया था कि आयोग इसलिए चुनाव घोषित नहीं कर रहा है क्योंकि देश के पीएम विभिन्न प्रदेशों में जनसभाएं कर रहे है। तंवर के इसी बयान पर यहां नागरिक अस्पताल में मीडिया के रूबरू होकर धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे ही नॉन एजेंडे ने साल 2016 में रोहतक व झज्जर को आग के हवाले कर दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि तंवर की बौखलाहट बताती है कि कांग्रेस का दिवालिया निकल चुका है और अब वह बौखलाहट में ही इसी प्रकार की अलूल-जलूल ब्यानबाजी कर रही है। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस को सदबुद्धि दिए जाने की भगवान से प्रार्थना भी की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है और उस संस्था पर इस प्रकार की टिप्पणी किया जाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने तंवर को नसीहत भी दे डाली कि वह अपना ध्यान रखें और चुनाव की तैयारी कर अपना दल संभाले। धनखड़ ने इस मौके पर मौजूदा लोकसभा चुनावों में भाजपा के 10 सीटें जीतने का दावा किया। इस मौके पर जिप वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रवीण गर्ग तथा टीनू फौगाट सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।