अमर उजाला ब्यूरो
बादली। गांव जहांगीरपुर में शुरू हुई तीन दिवसीय विशाल फुटबाल प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को नांगल, अमेठी, बागपत, पठानकोट सहित 16 टीमें अगले दौर में प्रवेश कर गई। एक लाख रुपये के पहले इनाम के लिए हुई प्रतियोगिता में 32 टीमों ने हिस्सेदारी की है, जिसका फाइनल मुकाबला 24 फरवरी को होगा। प्रतियोगिता में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, जन नायक जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अजय गुलिया, सरजीत गुलिया, डीपी कौशिक, कुलदीप वत्स सहित विभिन्न राजनीतिक लोगों भागीदारी कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। शुक्रवार को हुए मुकाबले में नांगल की टीम ने बादली को 2-0 से हराया, अमेठी गुरुग्राम ने गाजियाबाद को 2-1, बागपत उत्तर प्रदेश ने आजाद क्लब को 2-0, करौंदा ने जहांगीरपुर को 2-0, नजफगढ़ ने मेरठ एकेडमी को 1-0 से हराया। इसी कड़ी में हुए अन्य मुकाबलों में पंजाब के पठानकोठ ने खेड़ी जट्ट को 1-0, डाबौदा ने जहांगीरपुर को एक रोमांचकारी मैच में पेनाल्टी शूट आउट में हराया। प्रतियोगिता के एक रोमांचकारी मैच में खेड़का गुर्जर से हारकर चंडीगढ़ की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई। आयोजन कमेटी की ओर से सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि उप विजेता को 71 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रकार से सेमीफाइनल की चारों टीमों को 11-11 हजार रुपये दिए जाएंगे जबकि क्वार्टर फाइनल की 8 टीमों को 5100-5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में शुक्रवार को सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहुंचकर आर्थिक सहायता करते हुए खेलों में सहयोग किया।