अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। पुलिस ने डालावास मंदिर में हुई चोरी के आरोप में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने चोरी के आरोपियों से चोरी में प्रयुक्त की गई बोलेरो गाड़ी, सामान व कुछ नकदी भी बरामद किया है।
गांव डालावास स्थित मंदिर के महाराज रामानंद गिरी ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी शिकायत में रामानंद महाराज ने बताया कि नौ दिसंबर को डालावास स्थित मंदिर से चोर हजारों की नकदी व जेवरात चुरा ले गए। शिकायत में बताया कि मंदिर के कमरे में लोहे की अलमारी में रखी 26 हजार रुपये की नकदी ,चांदी के छह सिक्के, दो सोने की दो अंगूठी, एक एलसीडी और मोबाइल फोन चुरा लिए गए थे। पुलिस शिकायत के आधार पर बाढड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शक के आधार पर चोरी का केस दर्ज किया था। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की। पुलिस ने चोरी के आरोप में वीरेंद्र उर्फ दोपहरी व पारसनाथ सादिनाथ डेरा जाखोद को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान पता चला कि यह साधु बोलेरो कार में सवार होकर डालावास मंदिर में आए थेे। इन दोनो आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके साथ अजीत सादिनाथ डेरा जाखोद व पवन सादिनाथ डेरा जाखोद भी शामिल थे। बोलेरो कार का चालक बसंत भी शामिल था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो गाड़ी, नकदी व सामान बरामद किया गया है। बुधवार को पकड़े दो आरोपी वीरेंद्र व पारसनाथ एक दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे थे। वीरवार को पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां उन्हें जेल भेज दिया गया।