लाइन में आया फाल्ट 20 गांवों में रातभर रहा ब्लैक आउट
बौंदकलां। बिजली निगम के लिए बुधवार दोपहर बाद आई बारिश आफत बन गई। बारिश की वजह से 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन में फॉल्ट आ गया जिससे सब स्टेशन सांजरवास के अधीन आने वाले 20 गांवों में रातभर ब्लैक आउट रहा। वीरवार दोपहर 2 बजे ही इन गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
बुधवार दोपहर सवा चार बजे बौंदकलां क्षेत्र में बारिश होनी शुरू हो गई थी जो शाम 6 बजे तक चली। बारिश के चलते बिजली निगम की 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन में तकनीकी फॉल्ट के चलते बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण 33 केवीए सब पावर स्टेशन सांजरवास के अधीन आने वाले गांव बौंदकलां, बौंदखुर्द, रणकोली, निमड़ी, मालकोष, ऊण, सांजरवास, फौगाट, सांवड़, लांबा, कोहलावास, सौंफ, कासनी, मिर्च, जयश्री, मिसरी, अचीना, झींझर, भागेश्वरी व रानीला में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बिजली नहीं होने के कारण इन गांवों में रातभर ब्लैक आउट रहा।
वीरवार सुबह भी इन गांवों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। बिजली निगम के कर्मचारी सुबह ही 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन को ठीक करने में जुट गए थे। बिजली निगम के कर्मचारियों ने दोपहर 2 बजे तक मुख्य लाइन को ठीक करके गांवों में बिजली आपूर्ति को बहाल करवा दिया था। जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि 33 हजार वोल्टेज की मुख्य लाइन की डिस्क पंक्चर होने के साथ साथ चार पांच अन्य तकनीकी फॉल्ट होने के कारण मुख्य लाइन नहीं चल पा रही थी। निगम कर्मचारियों ने जमा पानी में बिजली फॉल्ट ठीक किए हैं।