दो घंटे चली नगर परिषद हाउस की बैठक में 40 एजेंडों पर लगी मुहर
चरखी दादरी।
परिषद हाउस की बैठक में सोमवार को कई बड़े प्रस्ताव पास किए गए। इसमें सबसे प्रमुख नगर परिषद की जगह से अवैध कब्जे हटाकर इनकी पैमाइश कराने का रहा। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सभी दुकानों व मकानों में रखवाने के लिए 25 हजार नए डस्टबिन खरीदने पर भी मुहर लगी। इसके अलावा चरखी दरवाजा का नाम बदलकर स्वामी दयाल चौक रखने व हीरा चौक से गोशाला रोड का नाम आरपी राव के नाम से रखने का भी बैठक में प्रस्ताव पास हुआ। बैठक में शहर के विकास से संबंधित करीब 40 एजेंडे पास किए गए।
परिषद हाउस की बैठक सोमवार सुबह 11 बजे चेयरमैन संजय छपारिया की अध्यक्षता में नगर परिषद कार्यालय में आयोजित की गई। करीब दो घंटे चली बैठक में 40 एजेंड़ों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी। बैठक के दौरान पार्षदों में आपसी खींचातानी भी देखने को मिली। वहीं, वाइस चेयरमैन दीपक उर्फ बबलू श्योराण ने चेयरमैन व अधिकारियों पर मनमर्जी से प्रस्ताव पास करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बैठक में बिना प्रस्ताव पास किए पार्षदों के हस्ताक्षर करवाए जाते हैं इसलिए उन्होंने रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर नहीं किए। बैठक में ठंडे बस्ते में पड़ा बंदर पकड़ों अभियान का मुद्दा भी गर्माया रहा। वाइस चेयरमैन सहित अन्य पार्षदों ने बताया कि पांच लाख का टेंडर करने के बावजूद शहर में बंदर ही नहीं पकड़े जा रहे। बैठक से मीडिया को इस बार भी दूर रखा गया और बंद कमरे में ही पार्षदों व अधिकारियों की बैठक चली। बैठक में पास किए गए प्रस्तावों की चेयरमैन संजय छपारिया ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर में 25 हजार छोटे डस्टबिन रखवाए जाएंगे। इसके अलावा शहर में नगर परिषद की जितनी भी जमीन है उसकी सूची तैयार कर वहां से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और इनकी पैमाश कराई जाएगी। बैठक में शहर के तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जे का मामला भी उठा। इस पर पार्षदों ने अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। वहीं नगर परिषद की आठ एकड़ जमीन की पैमाइश कराने पर भी सभी पार्षदों ने सहमति जताई।
23 कनाल जमीन पर मिलेगी स्वीमिंग पूल सहित अन्य सुविधाएं
परिषद हाउस की बैठक में चिड़िया रोड स्थित 23 कनाल जमीन पर स्वीमिंग पूल सहित टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, बैडमिंटन खेलों के लिए छोटा इंडोर स्टेडियम की व्यवस्था भी की जाएगी। इस प्रस्ताव पर सभी पार्षदों ने अपनी सम्मति जता दी। चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि जल्द से जल्द इस प्लानिंग को धरातल पर पूरा कर दिया जाएगा।
जनहित मुद्दे पर दर्ज मामलों को खारिज कराने का प्रस्ताव पास
कूड़े सहित अन्य जनहित मुद्दों पर पार्षदों सहित विधायक पर दर्ज किए गए मामलों को लेकर भी गहमा-गहमी हुई। विचार-विमर्श के बाद पार्षदों ने इस संबंध में प्रस्ताव भी पास कर दिया। इसके अनुसार जिला प्रशासन से दर्ज किए गए मामलों को खारिज करने की मांग भी की जाएगी। चेयरमैन ने बताया कि प्रस्ताव की कॉपी प्रशासन व शासन को भी भेजी जाएगी।
10 वार्डों की सफाई का छोड़ा जाएगा ठेका
परिषद हाउस की बैठक में शहर की पटरी से उतरी सफाई व्यवस्था पर भी पार्षदों ने गहरा रोष जताया। इसके बाद स्वच्छता मसले पर मंथन के बाद आधे शहर यानि 10 वार्डों की सफाई का ठेका छोड़ने पर सहमति बनी और इस संबंध में प्रस्ताव भी पास किया। चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि शहर के 10 वार्डों की सफाई का काम किसी निजी कंपनी को दिया जाएगा।
21 वार्डों की गलियों में अंकित होंगे नंबर
परिषद हाउस की बैठक में शहर के सभी वार्डों की गलियों में नंबर अंकित करने पर भी मुहर लगी। बता दें कि इस समय वार्ड एक व छह में सभी गलियों पर नंबर अंकित हैं जबकि आकी वार्डों में यह व्यवस्था नहीं की गई है। बैठक में सभी वार्डों की गलियों के नंबर डलवाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया। चेयरमैन ने इसकी पुष्टि की है।
नालों की साफ-सफाई व छंटाई का रास्ता साफ
बरसाती नालों की नगर परिषद अब साफ-सफाई भी कराएगी। इस संबंध में प्रस्ताव पास किया गया है। नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया ने बताया कि शहर के सभी नालों का सर्वे किया जाएगा। इसके बाद नालों की साफ-सफाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो नाले क्षतिग्रस्त हैं उनकी मरम्मत कराई जाएगी और जो खुले पड़े हैं वहां स्लैब डाली जाएगी।
फोटो 28
नगर परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में उपस्थित पार्षद व अधिकारी।