अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
मकर सक्रांति पर आज की सुबह यानि 14 जनवरी झज्जर जिले के लिए बेहद खास होने जा रही है। जहांआरा बाग स्टेडियम व साथ लगती सड़क पर राहगीरी में योग, एक्सरसाइज, साइक्लिंग, बॉक्सिंग के साथ-साथ डीजे की तेज धुन पर जुंबा डांस आपके दिन की शुरुआत को खुशनुमा व मकर संक्रांति को यादगार बना देंगे। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ भी राहगीरी में मुख्य अतिथि के तौर पर भागीदारी करेंगे। वहीं उपायुक्त सोनल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस इवेंट में जिला प्रशासन की पूरी टीम भी भागीदार रहेगी।
एसडीएम झज्जर रोहित यादव जिला प्रशासन की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, तनाव मुक्ति व यातायात सुरक्षा के प्रति सजगता लाना है। जिले के लोगों के लिए यह एक ऐसा खुला मंच होगा जिसमें आप अपनी प्रतिभा का सार्वजनिक प्रदर्शन कर सकते हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले इस इवेंट में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक की भागीदारी होगी। साथ ही बोलने के लिए ओपन स्टेज मिलने से यह प्रोग्राम एक बड़ा टेलेंट हंट भी साबित होगा।
नहीं है किसी रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता
एसडीएम ने बताया कि राहगीरी में भागीदारी करने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण कराना अनिवार्य नहीं बल्कि जिला प्रशासन की ओर से सभी जिलावासियों को इस इवेंट में आने का खुला निमंत्रण है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाजी करने का शौक भी आप यहां पर पूरा कर सकते हैं। इवेंट के दौरान सड़क पर आप स्केटिंग, एरोबिक्स आदि अपने मनपसंद खेल का भी आनंद उठा सकते हैं। शारीरिक अभ्यास के साथ-साथ तनाव मुक्ति के लिए यह एक बड़ा अवसर है। झज्जर जिला में पहली बार आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं व युवा मंचों की ओर से तैयारियां की जा रही है।
यादगार होगा इवेंट
एसडीएम ने बताया कि राहगीरी देश के अनेक शहरों में पॉपुलर इवेंट है। इसमें भागीदारी करना लोगों के लिए एक अच्छा अनुभव साबित होगा। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में उमंग व उल्लास का अलग स्थान है। राहगीरी लोगों के जीवन में उमंग व उल्लास पैदा करने के लिए बड़ा आयोजन है। रविवार की छुट्टी, मकर संक्रांति का अवसर तथा राहगीरी का आयोजन आपके दिन को स्पेशल बना देंगे। यह इवेंट सपरिवार भागीदारी करने का भी बड़ा अवसर है ऐसे में इस आयोजन में भागीदारी करने का अवसर बिल्कुल न छोड़ें।
आज से ‘राहगीरी’ शहरवासियों के दिलों में भरेगा जोश
राहगीरी का विचार मकर संक्रांति पर झज्जर के लोग मिलकर करेंगे राहगीरी आज
- देश के अनेक शहरों में राहगीरी बन चुका है पॉपुलर इवेंट
- जिला प्रशासन के प्रयासों से झज्जर में पहली बार आयोजित होगा राहगीरी