किसान की आर्थिक हालत हुई खराब: सुनील
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
किसान जनहित समिति प्रदेश अध्यक्ष सुनील पहलवान ने प्रेस बयान में कहा कि आज हरियाणा में यूरिया खाद को लेकर जो हाहाकार मचा हुआ है ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया। जहां किसानों को प्रति एकड़ कई बैग की जरूरत है तो सरकार उन्हें केवल एक या दो बैग थमा कर अपनी जिम्मेदारी को टालने व किसानों को चक्कर कटवाने पर मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किसानों के साथ स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट पर जो रवैया अपनाया जा रहा है वह बिल्कुल गलत है। सत्ता में आने से पहले बीजेपी के हर बड़े नेता व पदाधिकारियों ने जिस तरह से हुंकार भरी थी कि पहली कलम से स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा लेकिन आज वहीं नेता पीछे हट रहे हैं। किसान नेता सुनील पहलवान ने कहा कि सत्ता के नुमाइंदे यह जान लें कि किसान अब और अधिक अन्याय सहने के मूड में नहीं है ,आज किसानों की आर्थिक हालत बहुत ही खराब है, आज भूमि पुत्र खेती छोड़ने को विवश है।