हाई वोल्टेज आने से जले बिजली उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
वार्ड-16 में मंगलवार शाम हाई वोल्टेज आने से कई घरों के बिजली उपकरण जल गए। बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली निगम से मामले की जांच करके मुआवजे की मांग की है। इस मांग को लेकर बुधवार सुबह उपभोक्ता निगम कार्यालय भी पहुंचे। बिजली उपभोक्ता इंद्रजीत ने बताया कि मंगलवार को वार्ड 16 में बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी के चलते निगम कर्मचारियों ने खंभे से घरों के तार जोड़े थे। लेकिन जब बिजली आई तो वोल्टेज काफी ज्यादा थी। इसके चलते उसके घर में रखी वोल्टेज कंट्रोल डिवाइस ही जल गई। इसी प्रकार से बिजली उपभोक्ता कलीराम ने बताया कि तेज बिजली आने के कारण उसके घर में लगे हुए बल्ब भी जल गए है। इसके साथ ही अन्य उपभोक्ताओं ने बिजली उपकरण जलने की शिकायत की। बुधवार को बिजली निगम के कार्यालय में बिजली कर्मचारी नहीं होने पर ग्रामीण मायूस लौट गए।