अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि स्वर्ण जयंती राज्य पशुधन प्रदर्शनी-2017 को देखकर मुझे पूरा भरोसा हो गया कि आने वाले दिनों में जिस तरह आसमान में सूर्य चमकता है उसी तरह पशुधन के मामले में हरियाणा देश में चमकेगा। उक्त बात राज्यपाल ने शुक्रवार को झज्जर में चल रही तीन दिवसीय स्वर्ण जयंती राज्य पशुधन प्रदर्शनी-2017 का शुभारंभ किया और कार्यक्रम में उपस्थित पशुपालकों को संबोधित करते हुए कही। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के विजन पर आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम की परिकल्पना से राज्यपाल बेहद प्रभावित नजर आए।
इस बात का जिक्र उन्होंने अपने संबोधन में करते हुए कहा कि अनेक सरकारें व मंत्री देखे हैं, लेकिन कृषि मंत्री धनखड़ के कार्यक्रम में आकर यह महसूस होता कि वे ऐसे मंत्री है जिनके पास न केवल अपने विभाग की पूरी जानकारी है। बल्कि उनके पास भविष्य की योजना भी है। उन्होंने बीते दिनों भिवानी में आयोजित स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाओं, ग्रवित व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के तीन दिवसीय कार्यक्रम को लेकर भी कृषि मंत्री की प्रशंसा की। साथ ही दुधारू पशुओं के पीजी कॉलेज खोलने की योजना को लेकर भी धनखड़ के चैतन्य, कुशलता व दूरदृष्टि की सराहना की।
पूंडरी के राजकुमार को मिली ईनाम में मिल्किंग मशीन
मंत्री धनखड़ की पहल पर स्वर्ण जयंती राज्य पशुधन प्रदर्शनी में आने वाले पंजीकृत पशुपालकों के लिए प्रतिदिन इनाम निकालने का प्रावधान किया गया है। कार्यक्रम के पहले दिन के मुख्य अतिथि हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने ड्रा में पर्ची निकाली और विजेता पशुपालक पूंडरी निवासी राजकुमार को इनाम स्वरूप पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से मिल्किंग मशीन दी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक नरेश कौशिक, पशुपालन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके महापात्रा, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष ऋषि प्रकाश शर्मा, हरियाणा गोसेवा आयोग के अध्यक्ष भानीराम मंगला, हरियाणा किसान आयोग के अध्यक्ष डा. रमेश यादव, लाला लाजपत राय पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के कुलपति डॉ. गुरुदयाल सिंह, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के महानिदेशक डॉ. गजेंद्र जाखड़, उपायुक्त सोनल गोयल, एसएसपी बी सतीश बालन, भाजपा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. धमेंद्र बबलू, नपा वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग, चेयरमैन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी, पार्षद घनश्याम गुर्जर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।