अमर उजाला ब्यूरो
बादली (झज्जर)।
बरसात की वजह से बादली के पेलपा रोड पर स्थित दलित बस्ती में एक मकान की छत गिर गई। छत गिरने से मकान के भीतर सो रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दुल्हेड़ा में भी एक मकान गिर गया, गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार पेलपा रोड पर दलित बस्ती में रामनिवास अपने परिवार के साथ काफी समय से रह रहा था। बीती रात परिवार के सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। देर रात तेज बरसात शुरू हो गई। रामनिवास का कहना है कि तेज बरसात के कारण बस्ती में बना मकान गिर गया। जिससे परिवार का सदस्य समुंदर गंभीर रुप से घायल हो गया। पड़ोसियों ने सुबह मामले की सूचना बादली सरपंच सुमन देवी को दी।
वहीं, दूसरी ओर दुल्हेड़ा गांव के ग्रामीणों में ग्राम पंचायत के प्रति रोष बना है। ग्रामीण जयबीर ने बताया कि उन्होंने पड़ोसियों के साथ मिलकर दर्जनों बार ग्राम पंचायत से नाले का निर्माण सही ढंग से करवाने की मांग की मगर पंचायत ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इसी का परिणाम है बरसात में उनके मकान का छज्जा गिर गया और मकान भी गिरने की हालत में है।